राष्ट्रीय

पाकिस्तान – चीनकी जुगलबंदी खतरा-नरवणे


नयी दिल्ली (आससे)। सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने कहा है कि पाकिस्तान और चीन की जुगलबंदी हमारे लिए बड़ा खतरा पैदा करती है। इसकी अनदेखी नहीं की जा सकती। उत्तर की सीमाओं पर हम पूरी तरह चौकस हैं और किसी भी चुनौती का सामना करने को तैयार हैं। पश्चिमी सीमा पर पाकिस्तान आतंकवाद कोो बढ़ावा दे रहा है, लेकिन उसको साफ-साफ कहा है कि यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पलटवार का हमारा अधिकार सुरक्षित है। इसकी जगह और समय हम तय करेंगे। हमारा वार अचूक होगा। जनरल नरवणे ने मंगलवार को सेना की सालाना प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोल रहे थे। सेना प्रमुख ने कहा कि एलएसी पर चीन की तरफ से जो मोबिलाइजेशन हुआ था वह नया नहीं था, वे हर साल ट्रेनिंग के लिए आते हैं। हमारी नजर भी थी, लेकिन वे ऐसा करेंगे इसका कयास नहीं लगाया जा सकता था। उन्हें फस्र्ट मूवर एडवांटेज मिला।चीन के सैनिक पीछे हटे या नहीं? इस सवाल पर सेना प्रमुख ने कहा, लद्दाख में गतिरोध वाले पॉइंट पर ना चीन के सैनिक कम हुए हैं ना ही हमारे। एलएसी पर हालात में कोई बदलाव नहीं आया है। हम बातचीत से हल चाहते हैं। साझा राष्ट्रीय हित प्रभावित न हों तो सहमति हो सकती है। अगर गतिरोध लंबा चलता है तो चलता रहे, हम इसके लिए तैयार हैं।
उन्होंने साफ संदेश देते हुए कहा कि सही समय आने पर हम इसके खिलाफ उचित कार्रवाई करेंगे। सेना प्रमुख ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि मिजोरम में कोई हिंसा नहीं हुई थी, मणिपुर में एक यह दो ग्रुप हैं जो हिंसा में शामिल हैं। वहीं असम में शांति है। इस तरह नॉर्थईस्ट की स्थिति में एक दो सालों में सुधार आया है। उन्होंने आगे कहा कि हमने सिर्फ लद्दाख ही नहीं, बल्कि पूरे एलएसी पर उच्च स्तर की निगरानी की हुई है। साथ ही कोर कमांडर स्तर के आठवें दौर की बातचीत हो चुकी है, अब 9वें दौर की वार्ता का इंतजार है। उन्होंने कहा कि हम बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की उम्मीद कर रहे हैं। अपने शुरुआती संबोधन में सेना प्रमुख ने बताया कि भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रौद्योगिकी सक्षम सेना विकसित करने के लिए एक रोडमैप तैयार किया जा रहा है। इसमें सभी नई तकनीक को शामिल करने पर फोकस किया जाएगा। इससे पहले उन्होंने बताया कि पिछला साल चुनौतीपूर्ण था। उत्तरी सीमाओं पर मुख्य चुनौती कोरोना संक्रमण था। उन्होंने कहा कि उत्तरी सीमाओं पर सतर्कता बढ़ाई गई है और शांति की बहाली की उम्मीद पर वह भरोसा करते हैं।