Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

पार्टी गेट घोटाले के बाद सांसद क्रिस पिंचर की हरकतों ने बढ़ाई बोरिस जानसन की मुश्किलें


नई दिल्ली, । ब्रिटेन की सियासत में पिछले कुछ दिनों से सब ठीक नहीं चल रहा है। पहले पार्टी गेट घोटाला और अब सांसद क्रिस पिंचर पर लगे आरोप। एक महीना पहले विश्वास मत का सामना करने वाले ब्रिटिश पीएम बोरिस जानसन के लिए फिर संकट की घड़ी आ गई है। मंगलवार रात अचानक बोरिस जानसन के दो मंत्रियों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। वित्त मंत्री ऋषि सुनक के बाद स्वास्थ्य मंत्री साजिद जाविद ने अपना इस्तीफा सौंपा। दोनों मंत्रियों के इस्तीफे के बाद बोरिस जानसन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जानसन पर पीएम की कुर्सी छोड़ने का दबाव बढ़ गया है।

क्रिस पिंचर ने कराई फजीहत

बोरिस जानसन की कुर्सी पर मंडराए खतरे के बादल की वजह सांसद क्रिस पिंचर की हरकतों को माना जा रहा है। कंजरवेटिव पार्टी के उप मुख्य सचेतक (डिप्टी चीफ व्हिप) रहे क्रिस पिंचर ने एक क्लब में पहले तो जमकर शराब पी और फिर नशे में धुत होकर दो लोगों से मारपीट भी कर ली। इस घटना के बाद 52 वर्षीय क्रिस पिंचर ने डिप्टी चीफ व्हिप के पद से इस्तीफा दिया। उन्होंने अपने इस्तीफे में स्वीकार किया कि उन्होंने बहुत अधिक शराब पीकर फजीहत कराई, खुद को और अन्य लोगों को शर्मिंदा किया।

पार्टी गेट घोटाले में बची जानसन की कुर्सी

पार्टी गेट घोटाले में बोरिस जानसन को अविश्वास प्रस्ताव का सामना करना पड़ा था। अविश्वास प्रस्ताव के दौरान जानसन के पक्ष में 211 जबकि विपक्ष में 148 वोट पड़े थे। ये मामला कोरोना लाकडाउन के नियमों के उल्लंघन से जुड़ा है। नियमों को तोड़ने पर जानसन पर जुर्माना लगाया गया था। जानसन को बाद में माफी भी मांगनी पड़ी थी।