पटना

पावापुरी मेडिकल कॉलेज अब महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान कहलायेगा


      • जनसंवाद यात्रा में नालंदा भ्रमण के क्रम में मुख्यमंत्री ने जो कमियां देखी उसे दूर करना शुरू किया
      • हरनौत रेल फैक्ट्री पथ पर 66.13 करोड़ की लागत से बनेगा आरओबी

बिहारशरीफ। बिहार कैबिनेट की बैठक में पावापुरी चिकित्सा महाविद्यालय का नाम बदलने का निर्णय ले लिया गया। अब पावापुरी स्थित वर्धमान आयुर्विज्ञान संस्थान भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संसथान पावापुरी के नाम से जाना जायेगा।

बताते चले कि पिछले दिनों नालंदा में जनसंवाद यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मेडिकल कॉलेज का अवलोकन करने पहुंचे थे और उसी समय मेडिकल कॉलेज का नाम बदलने का संकेत दिया था। उन्होंने कहा था कि कॉलेज की मंजूरी के पहले ही मैंने इसका नाम वर्धमान आयुर्विज्ञान संस्थान सोच लिया था, लेकिन अब इसका नामाकरण बदलेगा।

यात्रा के बाद हुई पहले कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मेडिकल कॉलेज का नाम बदल दिया है। अब यह संस्थान भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान के नाम से जाना जायेगा। बताते चले कि बिहार ही नहीं देश में अत्याधुनिकतम अस्पताल में इसकी गिनती होती है।

 

मुख्यमंत्री के नालंदा मे जनसंवाद यात्रा के क्रम में जो-जो जरूरतें समझ में आयी है उसपर अमल शुरू हो चुका है। कैबिनेट में हरनौत में 66 करोड़ 13 लाख की लागत से रेल ओवरब्रिज बनाने का निर्णय लिया गया है। हरनौत रेल फैक्ट्री के पथ पर लेवल क्रॉसिंग के बदले अब आरओबी बनेगा। इस पर 66.13 करोड़ रुपये खर्च होगा, जिसकी प्रशासनिक स्वीकृति आज कैबिनेट में मिल गयी है।