Latest News उत्तराखण्ड राष्ट्रीय

पूर्व केन्‍द्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद के आवास पर फायरिंग और आगजनी करने वाले चार आरोपित गिरफ्तार


कांग्रेसी नेता और पूर्व कानून मंत्री सलमान खुर्शीद के रामगढ़ के प्यूडा़ गांव स्थित काटेज पर बीते दिनों हुए फायरिंग व आगजनी के मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार करा लिया है। चारों को रामगढ़ रोड पर स्विस विलेज वाले बैंड के पास से गिरफ्तार किया गया है।

नैनीताल : रामगढ़ ब्लॉक के सतखोल क्षेत्र में स्थित पूर्व कानून मंत्री सलमान खुर्शीद के घर में आगजनी और फायरिंग के मामले को लेकर पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से अवैध पिस्टल और मैगजीन भी बरामद हुई है। पकड़े गए आरोपितों ने गुनाह स्वीकार किया है। पुलिस अब मामले के मुख्य आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है।

पुलिस के मुताबिक पूर्व कानून मंत्री सलमान खुर्शीद द्वारा लिखी किताब के विरोध में 14 नवंबर को उनके कॉटेज के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया था। इस दौरान सलमान खुर्शीद के केयरटेकर द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं पर उनके आगजनी और फायरिंग करने के आरोप भी लगाए थे। मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने 20 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। साथ ही भवाली सीओ भूपेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी थी।