Latest News उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

प्रतापगढ़ में दुस्साहस, कब्र में दफन शव को बाहर निकालकर सिर काटकर ले गए बदमाश


प्रतापगढ़, : प्रदेश में अपराध की गतिविधियों में प्रतापगढ़ का नाम काफी चर्चा में रहता है। अब यहां पर एक नए प्रकरण से चारों तरफ सनसनी सी फैल गई है।

प्रतापगढ़ के अजगरा में गुरुवार तड़के किसी ने कब्र में दफन शव को बाहर निकालकर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। इतना ही नहीं सिर रहित धड़ को वहीं पर छोड़ दिया। गांव के लोगों ने सुबह यह नजारा देखा तो वहां पर काफी भीड़ लग गई। पुलिस ने भी मौके पर जाकर जांच की और प्रकरण को तंत्र क्रिया से जुड़ा बताया है।

अजगरा के छेमर सरैया गांव में गुरुवार की भोर कब्र में दफन शव को किसी ने बाहर निकाला और उसका सिर काट ले गया। घटनास्थल पर सुबह ग्रामीणों की भीड़ लग गई। गांव का जगजीवन गुप्ता भी मौके पर पहुंचा और सामने अपने पिता के पड़े शव को देख सकते में आ गया।

घटना से सदमे में उनका परिवार

जगजीवन गुप्ता ने घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को बताया कि आठ महीने पहे उसके 85 वर्षीय पिता सरयू प्रसाद गुप्ता की मृत्यु हो गई थी। उनके पार्थिव शरीर को घर से करीब पांच सौ मीटर दूर अपनी बाग में दफन कर दिया था। इसके बाद हुई इस घटना से उनका परिवार सदमे में है।

तांत्रिकों पर शंका

पुलिस से पूछताछ में घटनास्थल पर कुछ ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह की घटना तांत्रिक करते हैं। ऐसे में लोगों ने आसपास के कुछ तांत्रिकों पर शंका भी जताई है।

पार्थिव शरीर को फिर से कब्र में दफन

लीलापुर थाने के प्रभारी विनीत उपाध्याय ने बताया कि इस मामले में किसी भी रंजिश की बात अभी तक सामने नहीं आई है। तांत्रिकों पर शक जताया गया है, जांच की जा रही है। उनके पार्थिव शरीर को फिर से कब्र में दफन करा दिया गया है।