रांची

प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मिला कांग्रेस विधायकों का शिष्टमंडल


प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मिला कांग्रेस विधायकों का शिष्टमंडल
रांची। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर के नेतृत्व में शनिवार को कांग्रेस विधायकों का शिष्टमंडल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिला। इस दौरान कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री को राज्य में ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देने और नियुक्ति नियमावली में उभरे भाषा विवाद सहित अन्य मुद्दों को लेकर बातचीत की। इस दौरान कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री से कहा कि हम लोगों ने घोषणा पत्र में पिछड़ी जाति को जनसंख्या के आधार पर 27 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा किया था। अब इसपर तत्काल कदम उठाना होगा। वहीं दूसरी ओर राज्य में भाषायी विवाद पर कांग्रेस का रुख पूरी तरह से स्पष्ट था। विधायकों ने साफ तौर पर मुख्यमंत्री से कहा कि नियुक्ति नियमावली में मगही, मैथिली, भोजपुरी, हिंदी और अंगिका को शामिल कर किया जाय। इस दौरान सारी बातों को सुनने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आश्वासन दिया कि कोविड महामारी की वजह से राज्य में विकास कार्य धीमा पड़ा था पर अब सारा कुछ सामान्य हो रहा है। बहुत जल्द ही सारी चीजें व्यवस्थित हो जायेंगी। उन्होंने बोर्ड निगम के गठन पर भी अपनी सहमति जतायी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बोर्ड निगम का गठन जल्द ही कर दिया जायेगा। विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ बैठक सकारात्मक रही है। विधायकों की बातों को काफी गंभीरता से लिया और समय से पहले सारी चीजों को पूरा करने का आश्वासन दिया। यह भी तय हुआ कि सरकार कॉमन मिनिमम प्रोग्राम के तहत काम करेगा। इसके लिये सरकार में शामिल दलों के नेताओं एवं विधायकों की भी जिम्मेवारी तय की जायेगी। सभी लोग बैठकर प्राथमिकताओं को तय करेंगे।विधायकों ने मुख्यमंत्री से मान-सम्मान को लेकर भी बात हुई। पंचायत चुनाव की घोषणा जल्द हो इस पर भी बातें हुईं। यही नहीं राज्य में विस्थापन आयोग के गठन पर भी चर्चा की गयी। शिष्टमंडल में विधायक दल के नेता सह ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम, विधायक राजेश कच्छप, दीपिका पांडेय,अंबा प्रसाद,पूर्णिमा नीरज सिंह आदि शामिल थे।