News TOP STORIES नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

प्रियंका गांधी ने ट्रैक्‍टर पर रूपनगर में किया रोड शो, थोड़ी देर में अमृतसर पहुंचेंगी


अमृतसर/रूपनगर, । Live Priyanka Gandhi Road Show: कांग्रेस की राष्‍ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा रूपनगर में रोड शो कर रही हैं। वह ट्रैक्‍टर पर सवार होकर रोड शो कर रही हैं। उनके साथ पंजाब के मुख्‍यमंत्री चरणजीत सिंह चन्‍नी भी हैं। इस‍के बाद प्रियंका अमृतसर पहुंचेंगी और रोड शो करेंगी। वह अमृतसर पूूर्वी सीट से प्रत्‍याशी व पजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और आसपास की सीटों के उम्‍मीदवाराें के चुनाव प्रचार के लिए अमृतसर पहुंच रही हैं। वह ईस्ट विधानसभा क्षेत्र के बटाला रोड एरिया में आएंगी। इस दौरान वह रोड शो कर डोर  टू डोर भी चुनाव प्रचार करेंगी।

राहुल गांधी और  प्रियंका गांधी के खासमखास माने जाने वाले नवजोत सिद्धू ईस्ट विधानसभा से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने शिअद प्रत्याशी बिक्रम सिंह मजीठिया, भाजपा- पीएलसी से डा. जगमोहन सिंह राजू व आम आदमी पार्टी से जीवनजोत कौर चुनाव दंगल में हैं। प्रियंका के अमृतसर आने से पहले पुलिस प्रशासन द्वारा ईस्ट क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है। उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कमांडो और एंटी राइट्स पुलिस भी तैनात है।

मजीठिया के सामने आने के बाद सिद्धू ने प्रियंका से बात कर चुनाव प्रचार के लिए अमृतसर आने को कहा था। वैसे सिद्धू से कांग्रेसियों का एक बड़ा वर्ग नाराज है। उनका आरोप है कि सिद्धू चुनाव के दिनों में उनका उपयोग करते हैं फिर फोन नहीं उठाते। प्रियंका के रोड शो में नाराज कांग्रेसी आते हैं या नहीं, यह कुछ देर में स्पष्ट हो जाएगा।

इसी बीच नवजोत सिद्धू ने ब्राह्मण समाज से माफी मांगी है। कुछ दिन पूर्व उन्होंने चुनावी मंच से शिअद प्रत्याशी अनिल जोशी को काला बामण कहा था। इस बात से ब्राह्मण समाज का आक्रोश बढ़ा। ब्राह्मण समाज ने सिद्धू का बहिष्कार करने की घोषणा की थी। सिद्धू ने आज अमृतसर में चुनावी रैली में ब्राह्मण समाज से माफी मांगी। हालांकि जोशी को उन्होंने अहसानफरामोश भी कहा।