News TOP STORIES नयी दिल्ली पंजाब

प्रियंका से मिले सिद्धू, राहुल का अब भी इंतजार, कैप्टन की बढ़ सकती हैं मुश्किलें!


पंजाब कांग्रेस में जारी कलह खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। पंजाब के मुख्यमंत्री और कांग्रेसी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह के समान रूतबा हासिल करने की जुगत में लगे विधायक नवजोत सिंह सिद्धू आज यानी बुधवार को दिल्ली में प्रियंका गांधी से मुलाकात की। नवजोत सिंह सिद्धू ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। इससे पहले, नवजोत सिंह सिद्धू के राहुल गांधी से मुलाकात करने की अटकलें लगाईं जा रहीं थीं। अटकलों के बीच प्रियंका गांधी वाड्रा अपने भाई से मिलने उनके आवास पर पहुंची थीं।

बुधवार को नवजोत सिंह सिद्धू ने प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘प्रियंका गांधी वाड्रा जी के साथ लंबी बैठक हुई”। बता दें कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है।

इससे एक दिन पहले नवजोत सिंह सिद्धू के राहुल से मिलने की खबरों ने किरकिरी करवा दी थी। दरअसल, सिद्धू के करीबियों ने सोमवार को मीडिया में यह खबर फैलाई कि नवजोत सिंह सिद्धू को प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने मिलने के लिए बुलाया है। इसके बाद राहुल गांधी ने मंगलवार को नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान साफ कर दिया कि उन्होंने सिद्धू को मिलने के लिए नहीं बुलाया है।

पंजाब कांग्रेस के अंदर की कलह पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह आलाकमान की तीन सदस्यीय समिति से दूसरी बार मिलने गए थे। विवाद का मुख्य कारण सिद्धू द्वारा कैप्टन के कामकाज पर सवाल उठाना है। माना जा रहा था कि आलाकमान दोनों को बुलाकर विवाद का निपटारा करेगा, लेकिन हुआ उलट। केवल कैप्टन को ही बुलाया गया और उनकी बात सुनी गई।

सिद्धू को आलाकमान से जब कोई न्योता नहीं मिला, तो सोमवार को उनकी राहुल व प्रियंका से मुलाकात की खबर फैला दी गई। यह ऐसा मौका भी था, जब आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल चंडीगढ़ में थे। सिद्धू के आम आदमी पार्टी में शामिल होने व मुख्यमंत्री का चेहरा बनाए जाने की खबरें कई दिनों से चर्चा में हैं।