Uncategorized

फ्रीजर में रखे किसान के शव को चूहों ने कुतरा, सुरजेवाला ने कहा- शर्म से डूब मर क्यों नहीं गए भाजपाई


नई दिल्ली। देश में कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन जारी है। दूसरी ओर कांग्रेस भी कृषि कानूनों के खिलाफ लगातार बयान दे रही है। इस बीच सोनीपत में एक किसान की मौत के बाद शव को चूहे के कुतरने की घटना को लेकर तीखा बयान दिया है।

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट कर लिखा कि 73 साल में ऐसा दर्दनाक मंजर शायद कभी ना देखा हो। शहीद किसान के शव को चूहे कुतर जाएं और भाजपा सरकारें तमाशबीन बनी रहें। शर्म से डूब क्यों नही मार गए भाजपाई।

किसान के शव को कुतरने का यह मामला सोनीपत का है। बताया जा रहा है कि मृत किसान टिकरी बार्डर पर कृषि कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल हुआ था। आंदोलनकारी किसान की मौत हो गई। मौत के बाद पुलिस ने शव को बरामद कर पीएम के लिए भेजा। अस्पताल में पीएम के बाद शव को फ्रिजर में रखा था।

इस दौरान चूहों ने शव को बुरी तरह से कुतर दिया। यहां तक की हड्डियां भी नजर आने लगी थी। इसे लेकर अब बयान बाजी तेज हो गई है। हालांकि जिला प्रशासन ने इस घटना को लेकर जांच की बात कही है।