Latest News उत्तर प्रदेश भदोही, ज्ञानपुर लखनऊ

बसपा के पूर्व व‍िधायक के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर


संतकबीरनगर, संतकबीरनगर के मेहदावल से बसपा के पूर्व विधायक मोहम्मद ताबिश खान के अवैध राइसमिल पर मेंहदावल तहसील प्रशासन ने भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में बुलडोजर चलाया है। राइसमिल व आसपास किये गए अवैध निर्माण को बुलडोजर के द्वारा ध्वस्त कराया गया। मेंहदावल के एसडीएम अजय कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की जा रही है। इसकी चर्चा पूरे जनपद में हो रही है।

सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करके लगाया गया था राइसमिल

खेसरहा विधानसभा के 2007 में बसपा के विधायक रहे मोहम्मद ताबिश खान ने बखिरा थाना क्षेत्र के राजेडीहा में नवीन परती व गड्ढे की जमीन पर अवैध कब्जा करके राइसमिल का निर्माण कराया था। इसकी जानकारी जिला प्रशासन को दी गई थी। जांच में पता चला कि मामला सही है। पूर्व विधायक ने अपने प्रभाव का इस्तेमान करके वहां अवैध निर्माण करवा लिया था। गुरुवार को एसडीएम अजय कुमार त्रिपाठी, सीओ अंबरीश भदौरिया, बखिरा, धर्मसिंहवा और बेलहर थानाध्यक्ष तथा भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में प्रशासन राइस मिल को ध्वस्त कराने पहुंची।

प्रशासन की कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप

दो बुलडोजर लगाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई। आधे से ज्यादा अवैध निर्माण को अभी तक ध्वस्त किया जा चुका है। कुछ समय के लिए इस कार्रवाई को लेकर नाराजगी देखने को मिली लेकिन प्रशासन ने इसे संभाल लिया। इस कार्रवाई से समूचे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। उपजिलाधिकारी ने बताया कि जांच-पड़ताल में नवीन परती की जमीन पर राइसमिल लगाने की पुष्टि होने के बाद धारा 67 के अंतर्गत बेदखली की नियमावली के तहत कार्रवाई की जा रही है। सरकारी भूमि को पूरी तरह से कब्जा मुक्त कराया जाएगा। मौके पर पूरी तरह से शांति व्यवस्था कायम है।