Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

बाइडन की चेतावनी, कहा- खतरे से खेल रहा चीन, ताइवान पर हमला हुआ तो चुप नहीं बैठेंगे


टोक्यो, । जापान की राजधानी टोक्यो में क्वाड समिट से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन (Joe Biden) ने जापान के प्रधानमंत्री  फुमियो किशिदा के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान बाइडन ने साफ कर दिया है कि ताइवान को चीनी आक्रमण से बचाने में अमेरिका मदद करेगा। बाइडन ने चेतावनी दी और कहा कि चीन खतरे से खेल रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा है कि हम ताइवान में शांति और स्थिरता का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अमेरिका जापान और अन्य देशों के साथ दृढ़ता से खड़ा है।

खतरे से खेल रहा चीन- बाइडन

राष्ट्रपति बाइडन का कहना है कि अगर बीजिंग हमला करता है तो अमेरिका ताइवान की सैन्य रूप से रक्षा करेगा। उन्होंने कहा कि हम एक चीन नीति से सहमत थे। हमने उस पर हस्ताक्षर किए, लेकिन यह विचार कि इसे बल द्वारा लिया जा सकता है, उचित नहीं है। बाइडन ने ताइवान को लेकर चीन को ‘खतरे से छेड़खानी’ कहा। उनका कहना है कि अमेरिका ताइवान को चीनी आक्रमण से बचाने में मदद करेगा।