Latest News नयी दिल्ली बिहार राष्ट्रीय

बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी के चुनावी पोस्टर पर छाए नीतीश


पटना, । बिहार में दो विधानसभा की सीटों पर उपचुनाव होने हैं। जिसमें मोकामा और गोपालगंज सीट शामिल है। राज्य में सियासी समीकरण बदलने के बाद दोनों सीटों पर चुनाव महागठबंधन और एनडीए के लिए 2024 के लिए अग्निपरीक्षा मानी जा रही है। दोनों सीटों में मोकामा विधानसभा सीट पर सबकी नजर है। इस सीट को बाहुबली और पूर्व राजद विधायक अनंत सिंह का गढ़ माना जाता है। वो लगातार यहां से जीत दर्ज करते आए हैं। लेकिन सजा होने के बाद चुनाव मैदान में महागठबंधन की ओर से उनकी पत्नी नीलम ताल ठोक रही हैं। नीलम देवी के पोस्टर पर राजद नेताओं के साथ सीएम नीतीश भी छाए हुए हैं। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि क्या मुख्यमंत्री छोटे सरकार के नाम से पुकारे जाने वाले अनंत के गढ़ में चुनाव प्रचार करेंगे।

jagran

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। जागरण

मोकामा में क्या चुनाव प्रचार करेंगे सीएम?

बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी महागठबंधन की उम्मीदवार हैं। लिहाजा उनके चुनावी पोस्टर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, राजद सुप्रीमो लालू यादव, कई बड़े नेताओं की तस्वीर लगी है। इस बीच सवाल अब यह उठने लगा है कि क्या सीएम मोकामा में अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे? मोकामा में लगे पोस्टर के बाद स्थानीय लोगों के बीच इस बात की चर्चा खूब है कि पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान अनंत सिंह की सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने के बाद क्या सीएम मोकामा में महागठबंधन की उम्मीदवार के लिए वोट मांगेंगे। हालांकि इस सवाल का जवाब आने वाले दिनों में ही मिल पाएगा।

 

बाहुबली अनंत सिंह और उनकी पत्नी व मोकामा से महागठबंधन की प्रत्याशी नीलम देवी।

ललन सिंह के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरीं थीं नीलम देवी

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह और सजायाफ्ता अनंत सिंह की अदावत किसी से छिपी नहीं है। पिछली लोकसभा चुनाव के दौरान मुंगेर में ललन सिंह को टक्कर देने के लिए अनंत सिंह ने अपनी पत्नी नीलम देवी के चुनाव मैदान में उतारा था। इस दौरान अनंत सिंह ने जदयू के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ जमकर बयानबाजी भी की थी। हालांकि लोकसभा चुनाव में ललन सिंह ने जीत दर्ज की थी। लेकिन सियासी बदलाव के बाद इस बार समीकरण पूरी तरह बदल गया है। अब देखने वाली बात होगी मोकामा के रण में महागठबंधन की ओर से कौन-कौन से नेता नीलम देवी के पक्ष में वोट मांगने जाते हैं।