पटना

बिहारशरीफ: अपने उत्पादों के जरिये नालंदा के किसानों ने उद्यान महोत्सव सह प्रदर्शनी में किया बेहतर परफॉर्म


      • स्ट्रॉबेरी तथा भथुआ उत्पादन में प्रथम जबकि फ्रेंच गेंदा फूल एवं शिमला मिर्च उत्पादन में दूसरा पुरस्कार
      • पपीता, अरेलिया फूल तथा सफेद आलू उत्पादन में पाया तृतीय पुरस्कार

बिहारशरीफ (आससे)। नालंदा के किसानों ने राज्यस्तरीय प्रदर्शन में अपने उत्पादों का बेहतर परफार्म कर जिले का मान बढ़ाया है। राज्य के अन्य जिलों के किसानों को अपने उत्पादों के भरोसे मात देते हुए किसानों ने कई व्यवसायिक खेती में बेहतर प्रदर्शन किया है। खासकर जर्वेरा का फूल, स्ट्रॉबेरी की खेती के साथ हीं फ्रेंच गेंदा, शिमला मिर्च आदि के उत्पादन में बेहतर परफॉर्म किया है। बिहार के 38 जिलों के किसानों ने पटना में आयोजित उद्यान महोत्सव सह प्रदर्शनी में हिस्सा लिया। फरवरी के अंतिम तीन  दिनों में यह प्रदर्शनी आयोजित की गयी थी।

राज्य के 38 जिलों के किसानों ने इस प्रदर्शनी में अपने-अपने उत्पाद के साथ शिरकत की थी, जिसमें 14 जिले के किसानों ने बेहतर परफॉर्म किया। नालंदा के किसानों ने इसमें काफी बेहतर प्रदर्शन किया। नये-नये उत्पादों के जरिये नालंदा के किसानों ने राज्य के किसानों के सामने मिसाल पेश की। किसानों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा कृषि को बढ़ावा देने के प्रयासों को आगे बढ़ाया है और आम खेती से हटकर अन्य प्रकार का खेती कर बेहतर प्रदर्शन किया है।

नालंदा के किसानों ने इस प्रदर्शनी में कई उत्पाद को दर्शाया था, जिसमें जर्वेरा फूल उत्पादन में यहां के किसानों को प्रथम और द्वितीय पुरस्कार मिला, जबकि स्ट्रॉबेरी और भथुआ उत्पाद के साथ किसानों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार फ्रेंच गेंदा फूल, शिमला मिर्च जैसे उत्पादों ने द्वितीय पुरस्कार पाया।

वहीं पपीता, अरेलिया फूल, सफेद आलू उत्पादन के प्रदर्शन में जिले के किसानों ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सरकार द्वारा प्रथम पुरस्कार के रूप में पांच हजार, द्वितीय पुरस्कार के रूप में चार हजार तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में तीन हजार रुपया की राशि रखी थी।