पटना

बिहारशरीफ: आयुक्त ने की राजगीर क्षेत्र आयोजन प्राधिकार की बैठक


      • भवन संरचनाओं के निर्माण के लिए नक्शा पास करने की समीक्षा करेंगे डीएम
      • प्राधिकार में राजगीर के अलावे सिलाव, नालंदा, गिरियक एवं पावापुरी नगर निकाय को शामिल कर तैयार किया जायेगा मास्टर प्लान

बिहारशरीफ (आससे)। राजगीर क्षेत्र आयोजन प्राधिकार में नगर निकाय राजगीर के अलावे सिलाव, नालंदा, गिरियक एवं पावापुरी नगर निकाय क्षेत्र को शामिल कर मास्टर प्लान तैयार किया जाना है। इसी को लेकर राजगीर क्षेत्र आयोजन प्राधिकार की बैठक प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई।

बैठक में मास्टर प्लान के ब्लू प्रिंट का प्रेजेंटेशन कंसल्टेंट के द्वारा दिया गया, जिसमें वर्तमान लैंड यूज एवं भविष्य की संभावनाओं को समाहित करते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव आयुक्त के द्वारा दिया गया। भवन संरचनाओं के निर्माण के लिए आयुक्त ने नक्शा पास कराने की व्यवस्था की समीक्षा करने का निर्देश जिलाधिकारी नालंदा को दिया।

अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर इस प्राधिकार के पदेन सदस्य सचिव है। जबकि नगर विकास विभाग द्वारा उपनिदेशक स्तर के पदाधिकारी को प्राधिकार का सचिव बनाया गया है। इनका कार्यालय राजगीर अनुमंडल कार्यालय में संचालित करने की व्यवस्था का निर्देश आयुक्त ने दिया।

प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि आज की बैठक में दिये गये सुझाव के अनुपालन के उपरांत मई माह में पुनः प्राधिकार की बैठक होगी, जिसमें आगे की रणनीति पर चर्चा होगी। बैठक में अपर समाहर्ता, बिहारशरीफ नगर निगम के नगर आयुक्त, राजगीर के एसडीओ, प्राधिकार के सचिव, कंसल्टेंट, उपस्थित थे। जबकि नालंदा के जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उपविकास आयुक्त तथा राजगीर नगर परिषद् के कार्यपालक पदाधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में उपस्थित हुए।