पटना

बिहारशरीफ: ऑटो चालकों की मनमानी से त्रस्त लोगों को मिलेगी राहत


सड़क सुरक्षा माह के तहत एसपी के आदेश पर चलाये गये विशेष अभियान में 98 टेंपो से वसूला गया 51 हजार रुपया का जुर्माना

बिहारशरीफ (आससे)। सड़क सुरक्षा माह के तहत जिले में लगातार वाहन चेकिंग अभियान के जरिये लोगों को ट्रैफिक रूल फॉलो करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी के तहत पुलिस अधीक्षक नालंदा ने बिहारशरीफ शहर में ऑटो चालकों के वाहन जांच और ओवरलोडिंग चेकिंग का आदेश दिया था। इस आलोक में ट्रैफिक डीएसपी के नेतृत्व में बिहारशरीफ शहर में चले अभियान में टेंपो ओवरलोडिंग करने वाले, गलत पार्किंग करने वाले, बिना कागज के टेंपो चलाने वाले से जुर्माना वसूला गया। इस अभियान में 98 टेंपो पकड़ा गया, जिससे 51 हजार रुपया जुर्माना वसूला गया है।

बताते चले कि बिहारशरीफ शहर के लोग टेंपो से बुरी तरह आहत है। यत्र-तत्र सड़कों पर पार्किंग कर सड़क जाम रखना, जहां-तहां रोककर यात्रियों को बिठाने से शहर की सड़कें आये वक्त जाम रहती है। इसके साथ ही ट्रैफिक रूल के विरुद्ध अधिक यात्रियों को बिठाया जाता है। इतना ही नहीं सैकड़ों ऐसे टेंपो चल रहा है, जिसका ना तो सही से कागजात है और ना ही सही चालक। कम उम्र के बच्चे भी टेंपो चलाते सहज दिख जा रहे है। स्थिति यह हो रही है कि आये दिन दुर्घटनाएं हो रही है।

बिहारशरीफ शहर के लोग वर्षों से टेंपो के अवैध परिचालन और मनमानी के विरूद्ध आवाज उठाते रहे है, लेकिन ना तो परिवहन विभाग और ना ही थाना पुलिस कभी कोई चेकिंग अभियान चलाया। वर्षों बाद शायद इस बार अभियान चला है। खासकर यातायात थाना बनने के बाद बिहारशरीफ शहर में टेंपो जांच के लिए पहला बार अभियान चलाया गया है। यही वजह रही कि बुधवार को सड़कों पर ऑटो का परिचालन कम हुआ। जांच की खबर लगते ही जहां-तहां पार्किंग कर लोग परिचालन बंद कर रखे थे।