पटना

बिहारशरीफ: नीतीश कुमार के जन्मदिवस पर जिले में कार्यक्रमों की रही धूम


      • पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद आरसीपी सिंह ने 70 पाउंड का केट काट कर विकास पुरुष का जन्मदिवस मनाया
      • नीतीश कुमार सिर्फ जदयू हीं नहीं बिहार के नेता है: आरसीपी सिंह

बिहारशरीफ (आससे)। पूरे प्रदेश में जदयू ने अपने सर्वमान्य नेता तथा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का 70वां जन्म दिवस विकास दिवस के रूप में मनाया। इसके तहत नालंदा जिले के प्रखंडों से लेकर जिला मुख्यालय तक में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने कई कार्यक्रमों का आयोजन किया। इसी के तहत जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद आरसीपी सिंह ने जिला स्थित अपने पैतृक गांव मुस्तफापुर में विकास पुरुष नीतीश कुमार का 70वां जन्मदिवस मनाया।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने इस अवसर पर 70 पाउंड का केक काटकर विकास पुरुष का जन्मदिन मनाया। केक काटने के पश्चात आरसीपी सिंह ने वहां उपस्थित लोगों को मिठाई खिलाया एवं जरूरतमंद लोगों के बीच साड़ी और कपड़ा का वितरण किया। इस मौके पर श्री सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार केवल जदयू के हीं नहीं बल्कि संपूर्ण बिहार के नेता है। बिहार का नवनिर्माण कर उन्होंने देश और दुनिया का ध्यान खींचा हैं आज उनके जन्मदिन पर पार्टी के सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ पर एकत्रित होकर उनके दीर्घायू होने की कामना कर रहे  है। साथ हीं उनके द्वारा किये गये विकास कार्यों एवं समाज सुधार अभियानों की चर्चा कर रहे है।

उन्होंने कहा कि आज के इस शुभ दिन हम सभी को उनके नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा बिहार को विकसित राज्य बनाने का संकल्प लेना है। उन्होंने कहा कि आज मेरे लिये भी अनोखा अवसर है कि हमें विकास दिवस मनाने का मौका मिला है।

इस मौके पर जदयू के प्रदेश प्रवक्ता मुन्ना सिद्दीकी ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि उनके दिखाये और बताये मार्ग पर चलते हुए पूरे बिहार ने प्रगति की जो राह पकड़ी है वो देश को लगातार समृद्ध बना रही है। मुख्यमंत्री जी ने आर्थिक बदलावों के साथ सामाजिक सुधार का जो बीड़ा उठाया है, वो बिहार को संपन्न प्रदेश बनाने के साथ-साथ मानवीय मूल्यों से भरा स्वस्थ बिहार बनाने की दिशा में कारगर साबित हो रहा है।

इस मौके पर आरसीपी सिंह की पत्नी गिरिजा सिंह, लोकसभा प्रभारी सत्येंद्र कुशवाहा, विपिन चंद्रवंशी, आफताब आलम, धर्मेंद्र कुमार, कुमारी दिव्या, ई. अजय पटेल, जमील शाह, अरूण वर्मा, विपिन सिन्हा, डॉ. प्रियदर्शी अशोक, महमूद बक्खो, रिशु कुमार सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके दीर्घायू जीवन की कामना की।