पटना

बिहारशरीफ: नेचर सफारी की ओपी की हुई अधिसूचना


      • अधिकारी तथा महिला पुलिस बल सहित 96 पद की मिल चुकी है कैबिनेट से स्वीकृति
      • विश्व शांति स्तूप की सुरक्षा में लगाया जायेगा विशेष सशस्त्र पुलिस

बिहारशरीफ (आससे)। नेचर सफारी के उद्घाटन के दिन ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जंगल क्षेत्र में बने सफारी घूमने आने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था करने की बात कही थी। इस आलोक में 19 अप्रैल को हुई कैबिनेट की बैठक में राजगीर नेचर सफारी ओपी बनाने की स्वीकृति दी गयी थी।  इस आलोक में गृह विभाग ने आगे की कार्रवाई करते हुए नेचर सफारी ओपी की स्वीकृति दे दी है। इस ओपी के लिए बिहार कैबिनेट ने 96 पदों की स्वीकृति भी दी थी। अब जल्द ही नेचर सफारी ओपी के लिए 96 पुलिस कर्मी, जिसमें अधिकारी से लेकर पुरुष और महिला पुलिस कर्मी होंगे की तैनाती होगी।

नेचर सफारी ओपी के जिम्मे 5370 हेक्टेयर में बने नेचर सफारी की सुरक्षा के साथ ही पार्श्व में बन रहे जू सफारी भी होगा। इसके अलावे इस जंगली क्षेत्र के शेष हिस्से भी सफारी का हिस्सा होगा। बताते चले कि नेचर सफारी बनने के बाद गया जिले के जंगली क्षेत्र को भी नेचर सफारी में शामिल करते हुए उसका हस्तानांतरण नालंदा वन प्रमंडल को कर दिया गया है। इसके साथ ही गृह विभाग द्वारा अधिसूचित नेचर सफारी ओपी का दायरा गया जिला का वह हिस्सा भी होगा जो नेचर सफारी में आया है, लेकिन इसका कंट्रोल राजगीर पुलिस के जिम्मे होगा।

हालांकि नेचर सफारी का भवन निर्माण कहां पर होगा यह अभी तय नहीं हुआ है। लेकिन इसपर मंथन चल रहा है। इसके अलावे सरकार राजगीर के अन्य पर्यटन स्थलों की सुरक्षा के प्रति भी गंभीर है। इसी को देखते हुए सरकार द्वारा गठित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल के जिम्मे अब विश्व शांति स्तूप राजगीर की सुरक्षा भी होगी।

राज्य सरकार ने विशिष्ट स्थानों की सुरक्षा में विशेष सशस्त्र पुलिस लगाने की पहल शुरू की है। अभी तक दरभंगा हवाई अड्डा और विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर की सुरक्षा विशेष सशस्त्र पुलिस बल के जिम्मे है। सरकार के निर्णय के आलोक में अब विश्व शांति स्तूप राजगीर के साथ ही महावीर मंदिर पटना में इस बल को लगाया जायेगा। उद्देश्य है कि सीआरपीएफ की तरह विशिष्ट स्थानों की सुरक्षा की जिम्मेवारी इस विशेष सशस्त्र पुलिस बल को दी जाय।