पटना

बिहारशरीफ: पेट्रोलियम और खाद्य पदार्थों की बेतहाशा मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस ने निकाला साइकिल मार्च


वक्ताओं ने कहा अडानी और अंबानी को फायदा पहुंचाने के लिए देश की जनता पर नरेंद्र मोदी थोप रहे हैं महंगाई

बिहारशरीफ (आससे)। पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्यों में बेतहाशा वृद्धि, रसोई गैस की आसमान छूती कीमत के साथ ही खाद्य सामग्रियों के मूल्य बढ़ने के विरोध में नालंदा जिला कांग्रेस द्वारा साइकिल जुलूस एवं प्रदर्शन किया गया। स्थानीय जिला कार्यालय राजेंद्र आश्रम से साईकिल जुलूस और प्रदर्शन निकला जो शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता साइकिल और तांगे पर सवार होकर केंद्र की गलत नीतियों का विरोध करते रहे।

बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से नालंदा जिला प्रभारी पूर्व विधायक अवधेश कुमार सिंह ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से कहा कि वर्तमान की सरकार को देश की गरीब जनता से कोई लेना-देना नहीं है। आज जो हमलोग खाने में तेल का उपयोग कर रहे है यह पॉम ऑयल कच्चे तेल से बनता है। इसका एकमात्र एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट करने वाला नरेंद्र मोदी का कृपापात्र अडानी है। अडानी को सिर्फ फायदा पहुंचाने के लिए खाद्यान्न तेल की कीमत बढ़ाई गयी है। ठीक उसी तरह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के मूल्य कम होने के बावजूद मनमानी कीमत जनता से वसूली जा रही है। सबसे बड़ा पेट्रोलियम का रिफायनरी रिलायंस के पास है और यह उसी को फायदा पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।

इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए पूर्व विधायक रवि ज्योति कुमार ने कहा कि आज देश की जनता महंगाई से लाचार हो चुकी है। नरेंद्र मोदी झूठ बोलकर सरकार में तो आ गये लेकिन सत्ता चलाने में असफल रहे है। आज भी भाजपा का कोई भी प्रवक्ता या मंत्री महंगाई पर चर्चा करने को तैयार नहीं है।

कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार ने कहा कि यह रैली अभी झांकी है पूरी लड़ाई बाकी है। पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्य वापस नहीं लिये गये,  सरसो तेल की कीमत कम नहीं किया गया, काला कानून बिल को रद्द नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी आम जनता से सहयोग लेकर सड़कों पर लगातार उतरना जारी रखेगी। कारपोरेट को फायदा पहुंचाने के चलते यह सरकार किसी भी हद तक गिर सकती है। मोदी जी बहुत बड़े नौटंकीबाज है। राज्यों के चुनाव के हिसाब से उनका रंगरूप और पहचान बदलता रहता है।

उन्होंने कहा कि देश में खेल चल रहा है वह काफी खतरनाक है। जितने भी पेट्रोल पंप है चाहे वह किसी भी सरकारी कंपनी का हो सभी पर सीएनजी गैस अनिवार्य किया जा रहा है। यह समझने की बात है। देश में सीएनजी का एकमात्र प्लांट रिलायंस के पास है। सरकार पेट्रोल पंपों पर बिना पूंजी लगाये रिलायंस का कब्जा कराने में जुटी है।

इसी प्रकार अन्य वक्ताओं ने मोदी सरकार की जमकर आलोचना की और कहा कि जो स्थिति बन रही है बहुत जल्द ही शायद पेट्रोल की कीमत दो सौ रुपये के पास हो जाय। 350 रुपये का सिलिंडर आज 1000 के करीब पहुंच गया है। कांग्रेस 70 साल में डीजल का रेट 85 तक पहुंचायी और नरेंद्र मोदी सरकार मात्र 6 साल में 45 को बढ़ाकर 95 करने का काम किया। पेट्रोल 60 से बढ़ाकर 100 पहुंचा दिया। 6 साल पहले 70 रुपये किलो वाला सरसो तेल आज 200 के पार हो चुका है।

इस कार्यक्रम में सेवा दल के राष्ट्रीय समन्वयक नारायण कुमार सिंह, उपाध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद सिंह, मुन्ना पांडेय, फरहत जवीं, संजू पांडेय, नंदू पासवान, राजीव कुमार, महताब आलम गुड्डू, उदय कुशवाहा, अश्विनी गौरव, अजय यादव, बच्चु प्रसाद, नवप्रभात प्रशांत, सर्वेंद्र कुमार, रामचंद्र प्रसाद के अलावे सभी प्रखडों के अध्यक्ष और प्रमुख कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।