पटना

बिहारशरीफ: मुख्यमंत्री जिले के सभी 20 प्रखंड मुख्यालयों में आयोजित जदयू कार्यकर्ता संवाद में लेंगे हिस्सा


पुराना नालंदा और बाढ़ लोकसभा क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्र के प्रखंडों में मुख्यमंत्री का होगा कार्यकर्ता संवाद

      • समता पार्टी के स्थापना से लेकर जदयू के पुराने कार्यकर्ता लेंगे इस संवाद में हिस्सा
      • पुराने सहयोगी जो अब नहीं रहे उनके परिजन या फिर कतिपय कारणों से दल छोड़ चुके लोग अगर वापसी चाहते है तो संवाद कार्यक्रम में ले सकेंगे भाग
      • पहले चरण में 12 मार्च से पुराना बाढ़ लोकसभा क्षेत्र तथा दूसरे चरण में 01 अप्रैल से पुराने नालंदा लोकसभा क्षेत्र में आयोजित है यह कार्यक्रम

बिहारशरीफ। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने पुराने सहयोगियों एवं कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। उनका कुशल क्षेम पुछेंगे तथा पार्टी को मजबूत करने के लिए उनके प्रयास की जानकारी लेंगे। अभी क्या कर रहे है और आगे क्या करना होगा जैसी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री का यह संवाद यात्र पुराना नालंदा एवं बाढ़ लोकसभा क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पड़ने वाले प्रखंडों में की जायेगी। यह यात्र दो माह पूर्व हीं शिड्यूल थी लेकिन कोविड के कारण यह स्थगित किया गया था, लेकिन अब संवाद यात्र का कार्यक्रम तय हो गया है। इसके साथ हीं पार्टी द्वारा इसकी तैयारी भी शुरू कर दी गयी है। इस कार्यक्रम का नाम ‘मुख्यमंत्री जदूय कार्यकर्ता संवाद’ रखा गया है, जिसकी शुरुआत 12 मार्च से होगी और समापन 07 अप्रैल को होगी।

इस कार्यक्रम के जरिये मुख्यमंत्री अपने पुराने सहयोगियों, कार्यकर्ताओं का नब्ज भी टटोलेंगे। उन्हें कोई परेशानी तो नहीं है, पार्टी को मजबूत करने के लिए और क्या जरूरत है उनकी राय जानेंगे। इस यात्रा में मुख्यमंत्री के साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह भी होंगे। खास बात यह है कि समता पार्टी के स्थापना काल से लेकर जदयू की शुरुआती दौर से अब तक जो लोग कतिपय कारणों से पार्टी से अलग हुए है वे लोग अगर चाहे तो उन्हें भी फिर से वापसी होगी। संवाद कार्यक्रम में उन्हें भी बुलाया गया है। इससे तो यह तय है कि पुराने कार्यकर्ता और सहयोगी जो कतिपय कारणों से पार्टी से अलग हुए और अब पार्टी में वापस आना चाहते है लेकिन उन्हें वापस लाने की कोई पहल नहीं कर रहा है। ऐसे लोगों को फिर से पार्टी में शामिल होने का मौका मिलेगा।

इस कार्यक्रम के प्रभारी पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ जनार्दन प्रसाद सिंह होंगे। इसकी तैयारी को लेकर शनिवार को जिला जदयू कार्यालय में पार्टी के जिलाध्यक्ष सियाशरण ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें सांसद कौशलेंद्र कुमार, पूर्व विधायक चंद्रसेन प्रसाद सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यसमिति के सदस्यों ने हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम उनके संसदीय कार्यकाल के वक्त रहे संसदीय क्षेत्र के स्वरूप को ध्यान में रखकर बनाया गया है। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री ने स्वयं इस कार्यक्रम की रूपरेखा तय की है। इसके तहत पुराना बाढ़ लोकसभा क्षेत्र जो अब विलोपित हो चुका है के अंतर्गत आने वाले पुराना मोकामा, बाढ़, चंडी, हरनौत, फतुहा और बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम स्थल तय किया गया है। पहले फेज में पुराना बाढ़ लोकसभा क्षेत्र में हीं कार्यक्रम आयोजित है। जबकि दूसरे फेज में पुराना नालंदा लोकसभा क्षेत्र के भौगोलिक एवं राजनैतिक स्वरूप के अनुसार हिलसा, अस्थावां, नालंदा, इस्लामपुर, राजगीर और बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम तय किया गया है।

मुख्यमंत्री का यह संवाद यात्र 12 मार्च शनिवार को मोकामा से शुरू होगा और उस दिन घोसवरी, मोकामा एवं पंडारक, 13 मार्च रविवार को पुराना बाढ़ विधानसभा क्षेत्र के बेलछी, बाढ़ और अथमलगोला, 16 मार्च बुधवार को पुराना चंडी विधानसभा क्षेत्र के नगरनौसा, चंडी और थरथरी, 17 मार्च को पुराना हरनौत विधानसभा क्षेत्र के रहुई और हरनौत, 26 मार्च शनिवार को पुराना फतुहा के पुनपुन, धनरूआ और फतुहा, 27 मार्च रविवार को बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र के दनियावां, खुशरूपुर और बख्तियारपुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

जबकि दूसरे फेज में पुराना नालंदा लोकसभा क्षेत्र में कार्यक्रम तय है। इसके तहत 01 अप्रैल शुक्रवार को पुराना हिलसा विधानसभा क्षेत्र के हिलसा, करायपरशुराय, परबलपुर, 02 अप्रैल को अस्थावा विधानसभा क्षेत्र के कतरीसराय, सरमेरा, बिंद और अस्थावां, 03 अप्रैल को नालंदा विधानसभा क्षेत्र के बेन, नूरसराय, बिहारशरीफ, 05 अप्रैल मंगलवार को इस्लामपुर विधानसभा क्षेत्र के एकंगरसराय, इस्लामपुर, 06 अप्रैल बुधवार को राजगीर विधानसभा क्षेत्र के राजगीर, सिलाव और गिरियक तथा 07 अप्रैल गुरुवार को बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र के बिहारशरीफ में कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, संबंधित सांसद, विधायक, विधान पार्षद भी हिस्सा लेंगे। इस दौरान पार्टी के मौजूदा पदाधिकारी, कार्यकर्ता के अलावे पुराने कार्यकर्ता के साथ हीं वैसे लोग जो कतिपय कारणों से दल से अलग हो गये है लेकिन दल में वापसी चाहते है हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि उनके पुराने सहयोगी अगर अब इस दुनिया में नहीं है तो उनके परिजन चाहे तो वो भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। प्रखंडवार ऐसे लोगों की सूची बनाने का निर्देश जारी हो चुका है।

मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम से निश्चित रूप से जिले के कार्यकर्ताओं में एक नई जोश आयेगी, जिससे निश्चित तौर पर ना केवल संगठन मजबूत होगा बल्कि ऊर्जान्वित कार्यकर्ता पार्टी को नयी दशा और दिशा भी दे सकेंगें।