पटना

बिहारशरीफ: शादी से पहले हीं दूल्हे को आया मिर्गी का दौरा जिसके बाद बिना शादी के लौटी बारात


      • दुल्हन पक्ष के लोगों ने शादी से इन्कार करते हुए वर पक्ष के लोगों को बनाया बंधक
      • पंचायती में शादी में खर्च रुपये का मुआवजा देने पर छोड़ा गया वर पक्ष को

बिहारशरीफ (आससे)। सारे थाना क्षेत्र के गिलानी गांव में शादी के दौरान एक अजीबो-गरीब घटना घटी। जहां शादी के पूर्व दूल्हे को मिर्गी का दौरा पड़ने लगा, जिसके बाद दुल्हन पक्ष ने शादी से इन्कार करते हुए दूल्हे सहित बारात को बंधक बना लिया। बताया जाता है कि पटना जिले के फतुहा निवासी अमर कुमार की शादी सारे के गिलानी गांव में लगी थी। शुक्रवार को देर शाम बारात पहुंची, जिसके बाद शादी की रस्म चल रहा था। रस्म के दौरान ही पुरोहित द्वारा लड़के के हाथ में जब कंगन बांधा जा रहा था उसी बीच युवक को मिर्गी का दौरा पड़ गया और वह बेहोश हो गया।

पुरोहित ने जब इस बात की जानकारी वर पक्ष को दिया तो उनलोगों ने उसके साथ मारपीट और धमकी देते हुए किसी को ना बताने के लिए कहा। काफी देर तक दूल्हे को होश नहीं आया। तब तक वधू पक्ष के लोगों को भी घटना की जानकारी हो गयी, जिसके बाद दोनों पक्ष में कहासुनी होने लगा। गांव में घंटो हाई वोल्टेज ड्रामा चलने के बाद दुल्हन पक्ष के लोगों ने शादी से इन्कार कर दिया और शादी में खर्च हुए रूपये की मांग को लेकर सभी को बंधक बनाये रखा।

लड़की पक्ष के लोगों का आरोप है कि दूल्हे की इस बीमारी के बारे में जानकारी नहीं दी गयी थी। हमलोगों से इस बात को छुपाया गया। शादी में खर्च हुए 60 हजार रुपया जब तक नहीं मिलता तब तक किसी को जाने नही देने की बात कहने लगे। उसके बाद गांव में पंचायती बुलायी गयी, जिसके बाद रुपये लौटाने की बात पर सहमती बनी और बंधक बनाये गये लोगों को रिहा किया गया। बिना शादी के दूल्हा लौट गया।