पटना

बिहारशरीफ: सरकार और समाज के साझा प्रयास से ही सर्वांगीण विकास संभव: मनोहर मानव


समाहरणालय में जल जीवन हरियाली को लेकर संवाद सह कार्यशाला का आयोजन

बिहारशरीफ (आससे)। शुक्रवार को भारत पुनर्निर्माण अभियान के तहत बिहार संवाद यात्र एवं लोक कल्याण संस्थान के प्रयोजन में जिला समाहरणालय नालंदा के सभाकक्ष में जल जीवन हरियाली को केंद्र में रखते हुये एक संवाद सह कार्यशाला का आयोजन हुआ। मौके पर उप विकास आयुक्त ने संयोजक मनोहर मानव, सर्व सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंदन पाल सहित सभी सदस्यों का स्वागत किया। यात्रा के प्रथम चरण का समापन कार्यक्रम के मौके पर पर संवाद यात्रा के संयोजक मनोहर मानव ने यात्रा के लक्ष्यों को बताते हुए कहा कि प्रकृति हमें सृजनशील, संवेदनशील, विवेकशील, मानवीय, समतामूलक व्यक्ति और समाज निर्माण की सहज प्रक्रिया से जोड़ता है। राज और समाज के साझा प्रयास से जल जीवन हरियाली अभियान को सफल बनाएं।

जिले में चल रहे जल जीवन हरियाली अभियान के बारे में जानकारी ली और मुख्य चुनौतियों पर वार्ता की। उन्होंने कहा कि संपूर्ण मानव समाज को जल संवर्धन और संपूर्ण प्रकृति के संरक्षण हेतु आगे आना चाहिये। मौके पर जिले के अधिकारियों ने अपने जिले में जल जीवन हरियाली संबंधित अन्य कार्य की जानकारी दी और अपने अनुभव साझा किये।

इस यात्रा में जुड़े स्मृति राज और सिद्धार्थ मसकरी सोलिफाय के संस्थापक हैं। उनका कहना है कि बिहार संवाद यात्रा के द्वारा सांस्कृतिक चेतना को जागृत करना है। मौलाना एजाज शाहीन चतुर्वेदी महामंत्री वर्ल्ड पीस आर्गनाइजेशन, ने नफरत पर प्रहार करते हुये मानवता का संदेश दिया।

संस्थान के सचिव अपर्णा त्रिपाठी ने यात्र के लक्ष्यों को यात्री दल के साथी को बताया। यात्री दल के साथी सद्भावना  मंच (भारत) के संस्थापक दीपक कुमार ने शांति सद्भावना का संदेश दिया।

कार्यक्रम में पदाधिकारियों सहित यात्री दल में स्मृति राज, सिद्धार्थ मास्केरी, अपर्णा त्रिपाठी, मौलाना ए आर शाहीन चतुर्वेदी, दीपक कुमार, रवि कुमार आदि शामिल है। यह यात्रा पर्यावरण संरक्षण, प्रेम, सदभावना आदि को समर्पित है। इस अवसर पर यात्रा दल के सदस्यों के साथ उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, निदेशक डी आर डी ए, विभिन्न नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।