बलिया

अविस्मरणीय रहेगा जनपदवासियोंसे मिला सहयोग, प्रेम


सम्मान समारोहमें निवर्तमान जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाहीने कहा

बलिया। जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही के स्थानान्तरण के बाद शुक्रवार की शाम उनका सम्मान समारोह कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ। इस अवसर पर सभी कर्मियों ने भरे मन से माल्यार्पण किया और उनकी ओर से मिले स्नेह-प्रेम के प्रति आभार जताया। उनकी सहजता, सरलता, शालीनता और क्रोध पर काबू रखने की कला को प्रेरणा लेने योग्य बताया। जिलाधिकारी ने भी बलिया वासियों की ओर से मिले सहयोग और प्रेम को कभी नहीं भूलने वाला बताया। श्री शाही ने कहा कि यहां का १५ महीने का कार्यकाल वह काफी सुखद रहा। यहां से इतना दुलार-प्यार मिला कि इस अल्पसमय में मुझे यह अपना दूसरा घर नजर आने लगा। यहां के लोग दिल के काफी अच्छे हैं। यह कार्यकाल कभी नहीं भूलूंगा। कहा कि अधिकारियों-कर्मचारियों की ओर से भी वह सहयोग मिला, जिसकी अपेक्षा डीएम को रहती है। सिटी मजिस्ट्रेट नागेंद्र सिंह ने निवर्तमान डीएम के साथ गुजारे समय को अपना सौभाग्य बताया। एसडीएम ने कहा कि निवर्तमान जिलाधिकारी से सबसे लाभप्रद सीख यह मिली कि उच्च पद पर बने रहकर अच्छा इंसान कैसे बने रहें। एसडीएम रसड़ा मोतीलाल यादव, एसडीएम बेल्थरा सर्वेश यादव, एसडीएम बैरिया प्रशांत नायक, डिप्टी कलेक्टर सीमा पाण्डेय व सन्त कुमार ने भी समारोह में अपने विचार व्यक्त किए। कलेक्ट्रेट कर्मी श्रीराम प्रसाद ने गइला के बाद फिर आईब की नाही, जोरल सनेहिया निभाइब की नाहीं, गीत प्रस्तुत कर वहां मौजूद कर्मियों के साथ जिलाधिकारी को भी भाव-विभोर कर दिया। कलेक्ट्रेट संघ के अध्यक्ष अनिल गुप्ता के नेतृत्व में संघ ने निवर्तमान जिलाधिकारी को महर्षि भृगु का स्मृति चिन्ह प्रदान किया। इस अवसर पर कौशल उपाध्याय, संजय भारती, हरिंदर सिंह समेत समस्त कलेक्ट्रेट स्टाफ मौजूद रहे। संचालन प्रशासनिक अधिकारी अश्विनी तिवारी ने किया।