News TOP STORIES अलीगढ़ आगरा आज़मगढ़ उड़ीसा उत्तर प्रदेश उत्तराखण्ड कानपुर गाजीपुर गोरखपुर चंदौली जमशेदपुर जौनपुर झारखंड धनबाद नयी दिल्ली पंजाब पटना प्रयागराज बंगाल बरेली बलिया बिजनेस बिहार भदोही, ज्ञानपुर मऊ मध्य प्रदेश महाराष्ट्र मिर्जापुर रांची राजस्थान राष्ट्रीय लखनऊ वाराणसी सोनभद्र

यूपी के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव का दोपहर तीन बजे होगा अंतिम संस्कार, लोग हुए भावुक


  1. मुलायम सिंह यादव का आज दोपहर तीन बजे सैफई में होगा अंतिम संस्कार
  2. वरुण गांधी, रीता बहुगुणा जोशी और जयंत चौधरी ने दी श्रद्धांजलि
  3. अखिलेश यादव ने पूरी की अंतिम संस्कार से पहले की विधियां

समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का आज दोपहर तीन बजे उनके पैतृक गांव सैफई (Saifai) में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) के अंतिम दर्शन के लिए बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, भाजपा सांसद वरुण गांधी और रीता बहुगुणा जोशी, रालोद सांसद जयंत चौधरी और आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू सहित कई राजनेता सैफई पहुंचे।

गौरतलब है कि मुलायम सिंह यादव का सोमवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में 82 साल की उम्र में निधन हो गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सैफई जाकर सपा संरक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुलायम सिंह के निधन पर उत्तर प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है।

सैफई में मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार की तैयारी हो रही है। कन्नौज से चंदन की लकड़ियां लेकर सपा कार्यकर्ता सैफई पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि नेताजी के अंतिम संस्कार में भारी संख्या में उनके समर्थक और सपा कार्यकर्ता शामिल हो सकते हैं। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सैफई में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं।

  • 02:10 PM, 11 Oct 2022

    Mulayam Singh Yadav: भाजपा सांसद वरुण गांधी ने दी श्रद्धांजलि

    भाजपा सांसद वरुण गांधी, रालोद सांसद जयंत चौधरी, सपा नेता रामगोविंद चौधरी और स्वामी प्रसाद मौर्य ने सैफई पहुंचकर मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। मुलायम सिंह का आज दोपहर तीन बजे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

  • 02:02 PM, 11 Oct 2022

    Mulayam Singh Yadav: मेला ग्राउंड पंडाल से अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा रहा पार्थिव शरीर

    मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर मेला ग्राउंड पंडाल से अब अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा रहा है। लोग पार्थिव शरीर पर पुष्पवर्षा कर रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग पंडाल में इकट्ठा हुए हैं।

  • 01:53 PM, 11 Oct 2022

    Mulayam Singh Yadav: राकेश टिकैत ने दी श्रद्धांजलि

    किसान नेता राकेश टिकैत सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का अंतिम दर्शन करने सैफई पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुलायम सिंह का आज दोपहर तीन बजे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा

  • 01:47 PM, 11 Oct 2022

    Mulayam Singh Yadav: तेजस्वी यादव अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सैफई पहुंचे

    बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव सैफई पहुंच गए हैं। वे सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि देंगे और उनके अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।

  • 01:25 PM, 11 Oct 2022

    Mulayam Singh Yadav: सैफई पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सैफई पहुंच गए हैं। वे सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। बता दें, दोपहर तीन बजे उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

  • 01:11 PM, 11 Oct 2022

    Mulayam Singh Yadav: अंतिम संस्कार को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

    मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ रहा है। वे मंच तक पहुंच जा रहे हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मंच पर कई पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

  • 12:47 PM, 11 Oct 2022

    Mulayam Singh Yadav: अखिलेश यादव ने पूरी की अंतिम संस्कार के पहले की विधियां

    मुलायम सिंह यादव का उनके पैतृक गांव सैफई में आज दोपहर तीन बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा। उससे पहले उनके बेटे अखिलेश यादव ने अपनी पत्नी डिंपल यादव के साथ अंतिम संस्कार के पहले की विधियां पूरी की।

  • 12:42 PM, 11 Oct 2022

    Mulayam Singh Yadav: जिसका जलवा कायम है, उसका नाम मुलायम है से गूंजा पंडाल

    मुलायम सिंह यादव को दोपहर तीन बजे मुखाग्नि दी जाएगी। उसके पहले मेला ग्राउंड पंडाल में उनके अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। पंडाल जिसका जलवा कायम है, उसका नाम मुलायम है के नारे से गूंजायमान है।

  • 12:25 PM, 11 Oct 2022

    Mulayam Singh Yadav: मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन को उमड़ी भीड़

    मुलायम सिंह यादव का सैफई में दोपहर तीन बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। हर कोई अपने नेता को श्रद्धांजलि देना चाहता है।

  • 12:09 PM, 11 Oct 2022

    Mulayam Singh Yadav: केंद्रीय तिब्बती प्रशासन ने पत्र लिखकर व्यक्त की संवेदना

    केंद्रीय तिब्बती प्रशासन (सीटीए) ने सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक संतप्त परिवार को पत्र लिखकर संवेदना व्यक्त की है। मुलायम सिंह का आज उनके पैतृक गांव सैफई में राजकीय सम्मान के साथ दोपहर तीन बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा।

  • 11:52 AM, 11 Oct 2022

    Mulayam Singh Yadav: आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू पहुंचे सैफई

    आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू सैफई पहुंच गए हैं। वे यहां मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। दोपहर तीन बजे नेताजी का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

    11:24 AM, 11 Oct 2022

    Mulayam Singh Yadav: लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा गया नेताजी का पार्थिव शरीर

    सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर को सैफई के मेला ग्राउंड में लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। दोपहर तीन बजे पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

  • 11:13 AM, 11 Oct 2022

    Mulayam Singh Yadav: शिवपाल, रामगोपाल और रीता जोशी ने दी श्रद्धांजलि

    शिवपाल सिंह यादव, सपा सांसद राम गोपाल यादव, भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी और अन्य नेताओं और आम लोगों ने मुलायम सिंह यादव को अंतिम श्रद्धांजलि दी। लोग नेताजी के अंतिम दर्शन दोपहर दो बजे तक ही कर सकेंगे।

  • 11:09 AM, 11 Oct 2022

    Mulayam Singh Yadav: सपा के झंडे में लिपटा है पार्थिव शरीर

    मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर सपा के झंडे में लिपटा हुआ है। लोग दो बजे तक ही नेताजी का अंतिम दर्शन कर सकते हैं। उसके बाद दोपहर तीन बजे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

  • 11:03 AM, 11 Oct 2022

    Mulayam Singh Yadav: मेला ग्राउंड पंडाल पहुंचा नेताजी का पार्थिव शरीर

    सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर को मेला ग्राउंड पंडाल में लाया गया है। उनका दोपहर तीन बजे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा, जिसमें पीएम मोदी सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हो सकते हैं।

  • 10:42 AM, 11 Oct 2022

    Mulayam Singh Yadav: मेला ग्राउंड ले जाया जा रहा नेताजी का पार्थिव शरीर

    मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर को मेला ग्राउंड पंडाल में ले जाया जा रहा है। इस दौरान उनके अंतिम दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। अंतिम संस्कार दोपहर तीन बजे किया जाएगा।

  • 10:38 AM, 11 Oct 2022

    Mulayam Singh Yadav: कांग्रेस की तरफ से अंतिम संस्कार में कमलनाथ और भूपेश बघेल

    कांग्रेस ने मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पूर्व सांसद कमलनाथ और छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल को सैफई भेजा है। आज दोपहर तीन बजे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

  • 10:31 AM, 11 Oct 2022

    Mulayam Singh Yadav: 28 साल की उम्र में चुने गए थे विधायक

    मुलायम सिंह यादव 28 साल की उम्र में 1967 में पहली बार विधायक चुने गए थे। उन्होंने 4 अक्टूबर 1992 को समाजवादी पार्टी की स्थापना की थी। उनके बेटे अखिलेश यादव अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।

  • 10:24 AM, 11 Oct 2022

    जानें, मुलायम सिंह के परिवार के बारे में

    मुलायम सिंह यादव की दो शादियां हुई थी। उनकी पहली पत्नी का नाम मालती, जबकि दूसरी पत्नी का नाम साधना गुप्ता है। मालती और मुलायम सिंह के बेटे अखिलेश यादव है, जबकि साधना और मुलायम के बेटे प्रतीक हैं।

  • 10:21 AM, 11 Oct 2022

    सैफई मेला ग्राउंड ले जाया जा रहा नेता जी का पार्थिव शरीर

    मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर को सैफई मेला ग्राउंड ले जाया जा रहा है, जहां उनके चाहने वाले अपने नेताजी के अंतिम दर्शन कर सकेंगे। आज दोपहर तीन बजे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

  • 09:32 AM, 11 Oct 2022

    मुलायम सिंह यादव तीन बार बने यूपी के मुख्यमंत्री

    नेताजी मुलायम सिंह यादव का जन्म इटावा जिले के सैफई में 22 नवंबर 1939 को हुआ था। वे तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। इसके अलावा, 10 बार विधायक और 7 बार लोकसभा सदस्य चुने गए।

  • 09:29 AM, 11 Oct 2022

    राजस्थान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भी अंतिम संस्कार में होंगे शामिल

    सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल होंगे। दोनों कांग्रेस का प्रतिनिधित्व करेंगे।

  • 09:10 AM, 11 Oct 2022

    गोरखपुर से मुलायम सिंह का था खास लगाव

    उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से मुलायम सिंह यादव का खास लगाव था। उनके चाहने वाले यहां सभी दलों में मौजूद हैं। लोग उन्हें धरती पुत्र कहते थे। वे विरोधी दल के नेताओं का भी सम्मान करते थे।

  • 09:02 AM, 11 Oct 2022

    चंदन की लकड़ी से होगा अंतिम संस्कार

    देश के रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यंत्री रह चुके मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार चंदन की लकड़ियों से किया जाएगा। इसके लिए कन्नौज से चंदन की लकड़ी, गुलाब के फूल लेकर सपा कार्यकर्ता सैफई पहुंचे हैं।

  • 08:55 AM, 11 Oct 2022

    झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन आज आएंगे सैफई

    झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन मंगलवार को सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन करने के लिए मंगलवार को उत्तर प्रदेश के सैफई जाएंगे। उन्होंने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

  • 08:43 AM, 11 Oct 2022

    जब प्रयागराज में गूंजा था- जिसका जलवा कायम है, उसका नाम मुलायम है

    यह बात 2004 की है। प्रयागराज के रामबाग में स्थित सेवा समिति विद्या मंदिर मैदान में जैसे ही सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव का हेलिकाप्टर पहुंचा, कार्यकर्ताओं ने नारा लगाया- जिसका जलवा कायम है, उसका नाम मुलायम है।

  • 08:07 AM, 11 Oct 2022

    सैफई में बनाए गए हेलीपैड और वाटरप्रूफ पंडाल

    देश के रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार के लिए सैफई में कई हेलीपैड और वाटर प्रूफ पंडाल बनाए गए हैं। इसके अलावा, सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

  • 07:59 AM, 11 Oct 2022

    अंतिम दर्शन के लिए सैफई पहुंचे आजम खान

    समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन के लिए आजम खान भी सोमवार को सैफई पहुंचे। उन्होंने नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान अखिलेश यादव ने हाथ पकड़कर उनको सहारा दिया। आजम खान लंबे समय से बीमार चल रहे हैं।

  • 07:51 AM, 11 Oct 2022

    उत्तर प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित

    सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सैफई पहुंचकर नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

  • 07:44 AM, 11 Oct 2022

    अंतिम संस्कार में शामिल हो सकते हैं लोकसभा स्पीकर ओम बिरला

    उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार आज उनके पैतृक गांव सैफई में होगा। इसमें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ कई मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है।

  • 07:40 AM, 11 Oct 2022

    सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि

    सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सैफई पहुंचकर सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह और जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने भी नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

  • 07:38 AM, 11 Oct 2022

    अंतिम संस्कार में शामिल हो सकते हैं पीएम मोदी

    देश के पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में पीएम मोदी के भी शामिल होने की संभावना है। हालांकि इस पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।