पटना

बिहार की तरक्की में महिलाएं दे रहीं महत्वपूर्ण योगदान : नीतीश


पटना (आससे)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर प्रदेश एवं देश की महिलाओं को बधाई एवं शुभकामनायें दी हैं। रविवार शाम मुख्यमंत्री ने महिलाओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि वे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। वे प्रतिभा के बलबूते विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बना रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य या देश के विकास में महिलाओं का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। बिहार में महिलाओं के सशक्तीकरण को लेकर राज्य सरकार निरंतर प्रयत्नशील है। आज महिलाएं आत्मविश्वास के साथ प्रदेश की तरक्की में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। राज्य में शराबबंदी से महिलायें अत्यधिक खुश हैं।

सीएम नीतीश ने कहा कि राज्य में महिलाओं को सशक्त करने के लिये मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना, मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना एवं जीविका जैसी कई अन्य योजनाएं चलायी जा रही हैं।

सात निश्चय- 1 में आरक्षित रोजगार महिलाओं का अधिकार के तहत सभी सरकारी सेवाओं में 35 प्रतिशत आरक्षण का लाभ देकर महिलाओं को सशक्त बनाया गया है, वहीं सात निश्चय-2 में सशक्त महिला, सक्षम महिला निश्चय के तहत महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए ठोस प्रयास किये जा रहे हैं।

नीतीश कुमार ने आगे कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि सम्पूर्ण नारी जाति के उत्तरोत्तर विकास के प्रति हम सभी सदैव प्रयत्नशील रहें ताकि उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक विकास के साथ एक सुरक्षित और बेहतर माहौल मिल सके।