पटना

बिहार की ‘बॉबी’ पर बन रही फिल्म


(आज समाचार सेवा)

पटना। बिहार की बॉबी पर फि़ल्म बन रही है। वही बॉबी, जिसकी संदिग्ध मौत ने 1983 में बिहार की राजनीति में बवंडर का रूप ले लिया था। उस समय के कई दिग्गज राजनेताओं के गिरेवान की ओर पुलिस के बढ़ते हाथ रोकने के लिए दर्जनों विधायकों ने तत्कालीन मुख्यमंत्री को सरकार गिराने की चेतावनी तक दे डाली थी।

बॉबी की रहस्यमयी मौत सात मई, 1983 को हुई थी। यह खबर अगर ‘आज’ ने नहीं छापी होती, तो बॉबी की रहस्यमयी मौत की कहानी सियासी गलियारे में ही दब कर रह जाती। तीन दिन बाद बॉबी की रहस्यमयी मौत की खबर ‘आज’ की सुर्खियों में रही।  पहले पन्ने पर खबर ‘बॉबी की मौत से पटना में सनसनी’ शीर्षक से छपी थी। तब, किशोर कुणाल पटना के एसएसपी थे। अखबार में छपी खबर के आधार पर ही प्राथमिकी दर्ज हुई। हालांकि, संदिग्ध हालात में बॉबी की मौत की छोटी सी खबर उस समय के एक और हिंदी अखबार में छपी थी। खैर, प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरू की। पुलिस की जांच किसी बड़े सेक्स स्कैंडल के खुलासे की ओर बढ़ रही थी। कई राजनेताओं को पुलिस उठाने वाली थी। जब, किशोर कुणाल को रोक पाना संभव नहीं हुआ, तो उनके बढ़े हाथ रोकने के लिए मामला सीबीआई को रेफर कर दिया गया।

बॉबी का वास्तविक नाम श्वेतनिशा त्रिवेदी था। उनके पुकार का नाम बेबी था। वह बिहार विधान परिषद की तत्कालीन सभापति राजेश्वरी सरोज दास की दत्तक पुत्री थीं। बेबी बिहार विधानसभा सचिवालय में टाइपिस्ट थीं। रहस्यमयी मौत के बाद वह खबरों में बेबी से बॉबी इसलिए बना दी गयीं, क्योंकि दस साल पहले आयी राजकपूर की फि़ल्म ‘बॉबी’ का जादू युवाओं के दिल- ओ-दिमाग पर छाया हुआ था।

अब, बॉलीवुड की ए. एम. जे एंटरटेनमेंट एंड रॉक सॉल्ट प्रोडक्शन उसी बॉबी पर फि़ल्म बना रही है। फि़ल्म का नाम है- द बॉबी स्कैंडल। अर्जुन बुंदेला, मिहिर ठाकरे, जेवंत ठाकरे, पूजा पहुजा, अल्ताफ खान और प्रीति जैन इसके निर्माता हैं। इसके रचनात्मक निर्माता आलोक भारती और सह-निर्माता आंनद मुरुग्कर हैं। फि़ल्म के निर्देशक हैं अभिनव ठाकुर। फि़ल्म में बॉलीवुड के नामी-गिरामी अभिनेता-अभिनेत्रियां मुख्य भूमिकाओं में होंगे। अभिनव ठाकुर बिहार पर केंद्रित फि़ल्म ‘द लिपिस्टिक बॉय’ को लेकर इन दिनों सुर्खियों में हैं। यह फि़ल्म रिलीज को तैयार है। केरल की घटना पर आधारित अपनी फिल्म ‘बैक वाटर’ को लेकर भी वह चर्चा में हैं। यह उनकी आने वाली फिल्म है। इसके पहले उनकी रिलीज फिल्मों में ‘जुनको’, ‘रंगमंच’ एवं ‘ये सुहागरात इम्पॉसिबल’ लोकप्रियता बटोर चुकी है।