पटना

बिहार के मौसम में उतार-चढ़ाव


आज से चढ़ेगा पारा, बढ़ेगी गर्मी

पटना (आससे)। बिहार के मौसम में हर दूसरे-तीसरे दिन बदलाव हो रहा है। कभी अधिकतम पारा सामान्य से ऊपर चला जा रहा है तो कभी यह सामान्य के आसपास पहुंच जा रहा है। दरअसल, हवाओं की बदल रही स्थिति की वजह से विभिन्न शहरों के तापमान में यह उतार-चढ़ाव जारी है।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सूबे के उत्तरी भाग में अब भी दक्षिणी पूर्वी हवाओं का प्रभाव बना हुआ है। शेष भाग में अब भी उत्तरी पश्चिमी हवाओं की स्थिति बनी है। जिस वजह से एक बार फिर उत्तर बिहार को छोडक़र शेष भाग में तापमान धीरे-धीरे ऊपर चढऩे लगा है। अगले दो दिनों बाद फिर से गर्मी बढऩे के आसार हैं। अगले 24 घंटों में पारा 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले दो दिनों में पुरवा ने अपने प्रभाव का विस्तार किया था। इस वजह से पटना सहित अन्य हिस्सों में तापमान में तेजी से कमी आई। अब फिर से पुरवा सूबे के उत्तरी भाग में सिमट गया है। इस वजह से पछुआ हवा के प्रभाव वाले शेष हिस्से में तापमान बढऩे लगा है।

मौसमविदों का कहना है कि पहले दो या तीन अप्रैल से सूबे में गर्म हवाओं का प्रभाव शुरू होने का अनुमान किया गया था। वर्तमान मौसमी सिस्टम के कारण यह स्थिति एक हफ्ते तक टलती संभावित हो रही है। हालांकि, यह अनुमान किया जा रहा है कि तीन अप्रैल से सूबे में फिर से अधिकतम तापमान चढ़ेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य के बाकी हिस्सों में दशमलव अंकों में बढ़ोतरी हुई है। वहीं पूर्णिया में अधिकतम तापमान छह डिग्री तक ऊपर चढ़ा है। बुधवार को पूर्णिया का अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं गुरुवार को यह 35.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। गुरुवार को पारे में बढ़ोतरी की वजह से लोगों ने परेशानी महसूस की।