News TOP STORIES पटना बिहार राष्ट्रीय

बिहार के वैशाली में बड़ा हादसा, एक दर्जन लोगों को ट्रक ने रौंदा, आठ की मौत; कई की हालत गंभीर


वैशाली : बिहार के वैशाली में रविवार की रात बड़ा हादसा हो गया। महनार हाजीपुर मुख्य मार्ग पर देसरी थाना क्षेत्र के नयागांव टोला के नजदीक एक अनियंत्रित ट्रक चालक ने सड़क किनारे पूजा कर रहे करीब एक दर्जन लोगों को रौंद दिया। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई है। कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

नजदीकी अस्पताल में कराया गया भर्ती

सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया है। घायलों में आठ और छह साल की बच्ची भी शामिल है।

रौंदने के बाद पेड़ से टकराया ट्रक

मिली जानकारी के अनुसार रविवार की रात कुछ लोग महनार हाजीपुर मुख्य मार्ग पर देसरी थाना क्षेत्र के नयागांव टोला के नजदीक एक पेड़ के नीचे पूजा कर रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से एक ट्रक आया और सभी को रौंद दिया। कुचलने के बाद ट्रक पास के पीपल के पेड़ से टकरा गया।

हादसे के बाद अफरातफरी का माहौल

एक साथ दर्जनभर लोगों को रौंदने के कारण मौके पर अफरातफरी मच गई। लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ट्रक चालक फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी होने पर देसरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।

स्थानीय लोगों ने की घायलों की मदद

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की। अफरातफरी के बीच जख्मियों का तुरंत प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस को सूचना देने के बाद इलाके के लोगों ने मदद करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।