Latest News नयी दिल्ली पटना बिहार राष्ट्रीय

बिहार के हर जिले में बनेगा मेडिकल कॉलेज, समस्‍तीपुर में सीएम ने कही बड़ी बात


समस्तीपुर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि आने वाले दिनों में हर जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना करायी जाएगी। हर जगह इंजनीयरिंग और पॉलीटेक्निक कॉलेज खोले जा रहे हैं। सभी राजकीय इंजीनियरिंग और पॉलीटेक्निक कॉलेज में छात्र- छात्राओं के लिए एक तिहाई सीट आरक्षित करने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को सरायरंजन के नरघोघी में राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय का उदृघाटन करने आए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याणपुर और उजियारपुर में 720 असान वाले डा. भीम राव अंबेदकर हाई स्कूल का निर्माण कराया जा रहा है। उसमें पढ़ने और रहने का इंतजाम भी होगा। इस निर्माण पर 46 करोड़ की लागत आएगी।

मेडिकल और इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है। सभी संस्थानों में एक तिहाई सीट लड़कियों के लिए आरक्षित किया गया है। उन्होंने कहा कि लड़कियां पढ़ेगी तो बात आगे बढ़ेगी। लड़कियां यदि शिक्षित होंगी तो प्रजनन दर भी घटेगा। क्योंकि लड़कियों को ज्यादा समझ है लड़के को कम। आप देखते हैं कि हमारा क्षेत्रफल कितना कम है। बेमतलब आबादी बढ़ रही है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी का नाम लेते हुए कहा कि जब जोशी जी मानव संसाधन विकास मंत्री थे तो उस समय मैंने पटना इंजीनियरिंग कॉलेज में नेशनल इंस्टीटयूट ऑफ टेक्नोलॉजी की स्थापना की, लेकिन आज के लोग कोई काम करते हैं, किसी की सूनते हैं। किसी राज्य का विकास चाहते हैं। पूर्व के लोग जिनका नाम मैंने लिया वे ही इनके असली नेता वहीं थे। पहले अध्यक्ष दूसरे अध्यक्ष, तीसरे अध्यक्ष। वर्तमान के लोग केवल केस करने में विश्वास करते हैं। अब वाले लोग कोई काम नहीं करते। केवल केस करने का काम करते हैं। यह किसी से छिपा नहीं है। हम तो जीवन भर कभी भी उनलोगों के साथ नहीं जाएंगे। हम लोगों की सेवा करते हैं। अपने लिए कुछ नहीं सोचते हैं। उन्होंने मंच से ही सभी आवश्यक बहाली करने का निर्देश दिया। उन्होंने मेंटेनेंस का हर संभव उपाय करने का निर्देश दिया।

2.32 में उतरा सीएम का हेलीकॉप्टर

2.32 बजे सीएम का हेलीकॉप्टर नरघोघी में उतरा। राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उदघाटन किया। मुख्य द्वार पर लगे फीता को काटने के बाद वहां लगे शिलापट्ट का अनावरण किया। इसके बाद कॉलेज के पूरे भवन का निरीक्षण भी किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी ने की। मौके पर राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री आलोक कुमार मेहता, भवन निर्माण विभाग के मंत्री अशोक चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग मंत्री सुमित कुमार सिंह, राज्यसभा सदस्य रामनाथ ठाकुर एवं विधानसभा उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी उपस्थित रहे।

भूमि सुधार मंत्री आलोक कुमार मेहता ने कहा कि कल्याणपुर में एक आईटीआई की स्थापना होगी। इसकी स्वीकृति कैबिनेट की बैठक में मिल गयी है। वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी ने सभी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि शनिवार से यहां पढ़ाई शुरू हो जाएगी। यहां 1000 से अधिक छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारी यहां आकर रहेंगे। उन्होंने वर्ष 2023 में मेडिकल कॉलेज उदघाटन करने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज का उदघाटन सरायरंजन के विकास का उत्कर्ष होगा। आने वाले दिनों में सरायरंजन के किसी भी गरीब को इलाज के लिए पटना और दिल्ली जाना नहीं पड़ेगा। उन्होंने सामाजिक समरसता पर भी बल दिया।