पटना

बिहार के 13 जिलों में हीट वेव का अलर्ट, 30 अप्रैल और एक मई को 19 जिलों में बारिश की संभावना


पटना (आससे)। पछुआ के प्रचंड प्रवाह और सूरज की तल्खी से दक्षिण बिहार में लगातार चौथे दिन आसमान से आग बरसती रही। बुधवार को लगातार दूसरे दिन बक्सर राज्यभर में सबसे गर्म रहा। यहां बुधवार को भी अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और हीट वेव के हालात रहे। दूसरा सबसे गर्म शहर नवादा रहा। यहां का अधिकतम तापमान 44 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। कुल आठ जिलों में अधिकतम पारा 43 डिग्री के पार रहा। गया में इस सीजन की सबसे अधिक गर्मी रही और पारा इस साल के शिखर पर रहा। 30 अप्रैल से तापमान में थोड़ी गिरावट से आंशिक राहत मिल सकती ही।

सामान्य से पांच डिग्री अधिक तापमान रहने की वजह से बुधवार को पटना (42.8 डिग्री), बक्सर सहित आठ जिले हीट वेव की चपेट में रहे। रोहतास (43.2), शेखपुरा (43.2), जमुई (43.4), औरंगाबाद (43.5), बांका (43.5) और नवादा (44 डिग्री) में हीट वेव रहा। मौसम विभाग ने गुरुवार को 13 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है।

राहत की बात यह है कि बुधवार को उत्तर बिहार के किसी भी जिले में हीट वेव की स्थिति नहीं रही। गुरुवार को भी उत्तर बिहार के किसी जिले में भीषण गर्मी के आसार नहीं हैं। ऐसा उत्तर बिहार की ओर तेजी से बन रहे बारिश के सिस्टम की वजह से हुआ है। चंपारण के इलाके में पारा गिरा है। पूर्वी चंपारण में 1.5 डिग्री, पश्चिमी चंपारण में 1.3 डिग्री, वैशाली में 3.7 डिग्री, सुपौल में 2.2 डिग्री, अररिया में दो डिग्री, पूर्णिया में 3.8 डिग्री,फारबिसगंज में 1.6 डिग्री, कटिहार में 3.6 डिग्री, नालंदा  में 0.6 डिग्री, पटना में 0.2 डिग्री, बांका में एक डिग्री की गिरावट आई है।

उत्तर बिहार की ओर पुरवा का प्रवाह बना है। इस वजह से पछुआ दक्षिण बिहार के अधिकतर जिलों तक ही सिमट गयी है। वातावरण में नमी होने और इसी बीच तापमान में वृद्धि की वजह से उत्तर बिहार के कई जिलों में गरज तडक़ की स्थिति बन रही है। मौसम विभाग ने 19 जिलों में 30 अप्रैल और एक मई को मेघ गर्जन के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है।

पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में 30 अप्रैल और एक मई को मेघगर्जन के साथ बारिश हो सकती है। इनमें बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, अरवल, पटना, गया, जहानाबाद, नवादा, नालंदा और शेखपुरा और भागलपुर शामिल है। जबकि बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, अरवल, गया जिलों में शुक्रवार को हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है।