पटना

नेपाल में बांध बनने तक बिहार को नहीं मिल सकती बाढ़ से मुक्ति : संजय


गोपालगंज। बिहार सरकार के जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने कहा है कि नेपाल में बांध का कार्य न शुरू होने की वजह से बिहार में बाढ़ के हालात लगातार उत्पन्न हो रहे हैं। उन्होंने कहा है कि जब तक नेपाल में प्रस्तावित उच्च बांध नहीं बन जाता, बिहार को बाढ़ से मुक्ति नहीं मिल सकती। नेपाल में हाई डैम नहीं बनने के कारण बिहार के दो-तिहाई लोग हर साल बाढ़ का दंश झेल रहे हैं। चूंकि यह नेपाल और भारत सरकार के बीच का मामला है, इसलिए बिहार सरकार इस मामले में चाह कर भी कुछ कर नहीं पाती।

संजय कुमार झा ने कहा कि वो कोशिश करेंगे कि भारत सरकार इस मसले पर कोई तत्काल पहल करे। यह कह कर जल संसाधन मंत्री ने बाढ़ के मसले को केंद्र के पाले में जरूर डाल दिया है। उन्होंने कहा कि समय पर काम को पूरा करना है, कभी भी बारिश हो सकती है और ज्यादा पानी आ सकती है। नेपाल में जब भी बारिश होती है तो बिहार की परेशानी बढ़ जाती है। भारी समस्या बिहार के साथ है।

जल संसाधन मंत्री ने कहा कि मेजर समस्या गंडक नदी में सील्ट (गाद) जमा होना है जिसके कारण नदी बची ही नहीं है। हम यह समस्या भारत सरकार से लगातार उठा रहे हैं कि वो इस पर पहल करे और बड़ी नीति लाये। उन्होंने कहा कि जब नेपाल में बारिश ज्यादा होती है तो बिहार की टेंशन ज्यादा बढ़ जाती है। संजय झा ने कहा कि रिपोर्ट मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सौंपी जायेगी जिसकी वो समीक्षा करेंगे। बिहार सरकार बाढ़ से बचाव के लिए एहतियात एवं जरूरी कदम उठा रही है।

बता दें कि बाढ़ के चलते हर वर्ष उत्तर बिहार का एक बड़ा हिस्सा पानी में डूबा रहता है। इससे न सिर्फ लाखों की आबादी प्रभावित होती है। बल्कि वो सुरक्षित ठिकाने की तलाश में वहां से पलायन के लिए मजबूर होती है।