पटना

बिहार पुलिस भवन निर्माण के कार्यपालक अभियंता के ठिकानों पर आर्थिक अपराध शाखा ने की छापामारी


सात लाख के ज्वेरात सहित कई अन्य कागजात हुआ बरामद

राजगीर (नालंदा) (आससे)। पर्यटन स्थल राजगीर के अशोक नगर मोहल्ले में सबलपुर निवासी संदीप कुमार उर्फ दामो के मकान में रह रहे बिहार पुलिस निर्माण विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अरुण कुमार सिंह के निवास पर आर्थिक अपराध शाखा ने घंटों तक छापेमारी की। आय से अधिक संपत्ति के मामले में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के देवघर व राजगीर स्थित  दोनों ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गयी। वे मौजूदा समय में राजगीर के बिहार पुलिस अकादमी में इंजीनियर के पद पर काम कर रहे हैं।

आर्थिक अपराध शाखा के डीएसपी सुधीर कुमार ने बताया कि अरुण कुमार सिंह तो यहां पर नहीं मिले। उनके मकान मालिक और उनकी नौकरानी गीता देवी की मौजूदगी में छापेमारी की गयी। इसमें सात लाख रुपये के गहने, 12 हजार नगद, विभिन्न बैंकों के 15 पासबुक, पांच जमीन के कागजात मिले हैं। देवघर के तीन तल्ला मकान में भी एक लाख रुपये नगद मिले हैं। अनुसंधान की जा रही है। इन पर आय से अधिक संपत्ति रखने का मामला बनता है। एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस तरह की छापेमारी से आसपास के लोगों में चर्चा बनी रही। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि इंजीनियर साहब पिछले चार-पांच साल से यहां पर रह रहे हैं। उनके यहां अक्सर रविवार को पार्टी चलती है। यहां तक जानकारी मिली कि उन्होंने अपने यहां काम करने वाली नौकरानी को भी बिहार पुलिस अकादमी में कर्मी के रूप में रखवाने का काम किया है। वहीं छापेमारी के दौरान डीएसपी प्रदीप कुमार व थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने भी स्थल का निरीक्षण कर जायजा लिया।