पटना

बिहार बजट में नालंदा के विकास के लिए कई योजना- बिहारशरीफ और राजगीर बनेगा मॉडर्न सिटी


परबलपुर में लगेगा इथेनॉल इकाई जबकि राजगीर में होगा स्किल सेंटर की स्थापना

बिहारशरीफ। बिहार विधानसभा में सोमवार को बजट पेश किया गया, जिसमें नालंदा मे विकास की कई गाथाएं जुड़ने की संभावना बढ़ गयी है। बजट में जिले के परबलपुर में जहां इथेनॉल फैक्ट्री स्थापना की बात की गयी है, वहीं राजगीर मेंं स्किल सेंटर खोला जायेगा। इसके साथ हीं बिहारशरीफ और राजगीर को मॉडल टाउन की सौगात मिलेगी।

2 लाख 37 हजार 691 करोड़ के बिहार के बजट में जहां गांव और शहरों में आधारभूत संरचना के विस्तार की बात की गयी है, वहीं गांव की पक्की गलियों को रौशनी से जगमगाने का भी प्रावधान किया गया है। यह सब पूरे राज्य के लिए है, लेकिन नालंदा पर बजट में पूरा-पूरा ख्याल रखा गया है। अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी राजगीर के साथ हीं जिला मुख्यालय बिहारशरीफ की सड़कों को जहां चकाचक और विस्तारित करने की योजना है वहीं यातायात सुविधा को बेहतर बनाने की बात कही गयी है। मॉर्डन टाउन में सड़क पर रोशनी के साथ-साथ जगह-जगह प्याऊ और बैठने की सुविधा होगी। लोगों की जरूरत के लिए अन्य सुविधाओं का भी विस्तार होगा। स्लम इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए बहुमंजिला इमारत बनेगा। इसके साथ हीं बस पड़ाव, पार्क आदि का भी विकास होगा।

विधानसभा में पेश हुई बिहार के बजट में नालंदा के बारे में जो विकास का प्रावधान किया गया है उससे जिले के लोगों में खुशी का माहौल है। लोग आशान्वित है कि मौजूदा सरकार आगामी वर्षों में नालंदा का और समुचित विकास करेगी। बिहार सरकार के बजट में राज्य के 6 शहरों को मॉडल सिटी बनाया जाना है, जिसमें नालंदा जिले का बिहारशरीफ और राजगीर शहर शामिल है। इसके अलावे बोधगया, मुंगेर, मुजफ्रफरपुर और सुपौल को भी शामिल किया गया है। इसपर 550 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

बताते चले कि पिछले दिनों राजगीर जू सफारी के उद्घाटन के वक्त हीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संकेत दिया था कि राजगीर कॉरपोरेशन बनेगा। इसके साथ हीं लोग यह समझने लगे थे कि निश्चित तौर पर राजगीर के लिए विकास की कोई नई इबादत लिखी जायेगी। बजट में जिला मुख्यालय एवं पर्यटन नगरी की विकास की जो घोषणा की गयी है उसकी सर्वत्र प्रशंसा हो रही है।