पटना

बिहार में एनडीए की सरकार बनाने में महिलाओं की बड़ी भूमिका : तारकिशोर


      • महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार कृतसंकल्पित : रामप्रीत
      • भाजपा महिला मोरचा की कार्यसमिति में जुटीं हर जिले की महिलाएं

(आज समाचार सेवा)

पटना। बिहार में एनडीए की सरकार बनाने में महिलाओं की बड़ी भूमिका रही है। इलेक्शन में महिलाओं ने एनडीए के पक्ष में जमकर मतदान किया। ये बातें डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने कहीं। वे भाजपा महिला मोरचा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में उद्घाटन भाषण कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को दी जा रही सुविधाओं से प्रभावित होकर महिलाओं ने दोगुने उत्साह से बिहार में एनडीए की सरकार बनाने का काम किया।

आत्मनिर्भर बिहार बनाने के लिए बिहार सरकार ने बजट में पांच लाख रुपये का मलिाओं के लिए प्रावधान किया। पंचायत चुनाव में उन्हें ५० प्रतिशत आरक्षण देकर उनका मान-सम्मान व स्वाभिमान बढ़ाने का काम भी सरकार ने किया। पीएचइडी मंत्री रामप्रीत पासवान ने कहा कि बिहार सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए दृढ़संकल्पित हैं। नल-जल योजना के तहत हर घर में स्वच्छ जल पहुंचाया जा रहा है।

बीजेपी संगठन महामंत्री नागेन्द्र जी ने कहा कि भाजपा ने महिलाओं को संगठन में ३३ प्रतिशत आरक्षण देकर उनका मनोबल बढ़ाया। महिला कार्यकर्ता संगठन में पूरे मनोयोग से काम कर ही हैं। बीजेपी महिला मोरचा द्वारा अब तक ९६० मंडलों का विस्तार किया है। प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा महिलाएं जुड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि आनेवाले दिनों में समरसता, कुटुम्ब प्रबोधन और पर्यावरण पर उन्हें और काम करने होंगे।

मोरचा की प्रदेश अध्यक्ष लाजवंती झा ने कहा कि महिलाओं के बीच एफपीओ का मोरचा गठन करेगा। उद्यमी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए हर संभव मदद, मिशन पेंशन के लिए उन्हें जागरूक करने और महिलाओं को आंगनबाड़ी से जोडऩे के लिए महिला मोरचा अभियान चलायेगा।

मोरचा की बैठक में पार्टी के सहसंगठन महामंत्री शिवनारायण जी, प्रदेश उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी, कोषाध्यक्ष दिलीप जायसवाल, पूर्व विधान पार्षद किरण घई, नीतीश मिश्रा, पिंकी कुशवाहा, अमृता भूषण, राकेश सिंह, अशोक भट्ट, राजीव रंजन, ओम प्रकाश भुवन, प्रियम्बदा केसरी, प्रतीता सिंह, विनिता मिश्रा, सरोज जायसवाल, ललिता कुशवाहा, शालिनी वैश्विकियार, अर्चना भट्ट और सीता सिंह आदि उपस्थित थे।