पटना

बिहार में हड़ताल पर गए 27 हजार संविदा स्वास्थ्यकर्मी


पटना। देश के कई अन्य राज्यों की तरह बिहार में भी कोरोना को लेकर स्थिति खतरनाक बनी हुई है। स्वास्थ्य सेवाओं पर बढ़ते दबाव और मरीजों को हो रही परेशानी के बीच बिहार में करीब 27 हजार संविदा स्वास्थ्यकर्मी हड़ताल पर चले गए हैं। संविदा स्वास्थ्यकर्मी 9 सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं।

बिहार के करीब 27 हजार संविदा स्वास्थ्यकर्मी आज (बुधवार) से हड़ताल पर हैं। अपनी मांगों को लेकर स्वास्थ्यकर्मियों ने बीते दिनों काला बिल्ला लगाकर विरोध जताया था और आज से ये सभी संविदा स्वास्थ्यकर्मी होम आइसोलेशन में चले गए।

संविदा स्वास्थ्यकर्मी अपनी 9 सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। कोरोना संकट के दौर में संविदाकर्मियों की मांग है कि संविदा कर्मचारियों का वेतन पुनरीक्षण कर मानदेय में बढ़ोतरी की जाए। पारिवारिक पेंशन और अन्य लाभ दिए जाएं।

कोविड-19 कार्य करने वाले सभी संविदा कर्मचारियों का 50 लाख का बीमा किया जाए। सभी संविदा कर्मचारियों का दुर्घटना और स्वास्थ्य बीमा कराया जाए। कोरोना की ड्यूटी में मौत होने पर पारिवारिक पेंशन सहित अन्य मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की जा रही है।