पटना

बिहार विधानसभा ने शुरू की नयी परंपरा


पटना (आससे)। विधानसभाध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने सदन में नयी परंपरा की शुरूआत करने की घोषणा करते हुए कहा कि जो सदस्य पहली बार जीत कर आये हैं और और पहली बार प्रश्न पूछे हैं उन्हें प्राथमिकता दी जायेगी तथा उन्हें पहले प्रश्न पूछने का मौका दिया जायेगा। इस नयी परंपरा की आज उन्होंने शुरूआत भी की। उन्होंने सभी दलीय नेताओं से यह भी कहा कि विधायी कार्य में विमर्श के दौरान नये सदस्यों को बोलने का मौका दें। पुराने सदस्य बाद में बालेंगे। अगर ऐसा होता है तो सदन की खुबसूरती बढ़ेगी।

वस्तुत: मोहिउद्दीनगर के विधायक राजेश कुमार सिंह ने पहली बार प्रश्न पूछा था उनके प्रश्न को पहले लिया गया। बाद मटिहानी विधायक राजकुमार सिंह ने भी पहली बार प्रश्न किया था उन्हें भी प्राथमिकता दी गयी। सदन की कार्यवाही के दौरान राजद के शशिभूषण सिंह को स्पीकर ने झिडक़ी लगाते हुए कहा कि आप चलते सदन में सदस्य और आसन को क्रास किया है खेद व्यक्त कीजिये। उन्होंने खेद भी व्यक्त किया।