पटना

बिहार सरकार ने दी किसानों को बड़ी राहत, धान की खरीद अब 21 फरवरी तक होगी


पटना। बिहार के किसानों को सरकार ने बड़ी राहत दी है। अब 21 फरवरी तक धान का खरीद की जाएगी। जिसके लिए सीएम नीतीश ने हरी झंड़ी दे दी। धान अधिप्राप्ति को लेकर हुई समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया। एक अणे मार्ग स्थित नेक संवाद में बैठक हुई, जिसमें सीएम नीतीश के साथ खाद्य आपूर्ति मंत्री बिजेन्द्र यादव, मुख्य सचिव दीपक कुमार समेत विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

31 जनवरी तक ही धान अधिप्राप्ति की अंतिम तिथि निर्धारित की गयी थी। जिसको बढ़ाते हुए सरकार ने 21 फरवरी कर दिया है। अब बिहार के किसानों से धान की खरीद सरकार 21 फरवरी तक करेगी। 45 लाख मैट्रिक टन धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

बता दें कि बुधवार को ही किसानों की समस्या को लेकर पूर्व केन्द्रीय मंत्री व बीजेपी सांसद रामकृपाल यादव ने खाद्य आपूर्ति मंत्री विजेन्द्र यादव से मुलाकात की थी। मुलाकात कर उन्होंने एक पत्र भी सौंपा था। पत्र में किसानों की समस्या से मंत्री को अवगत कराते हुए धान अधिप्राप्ति की सीमा को बढ़ाने की मांग की गयी थी।

पत्र में बीजेपी सांसद ने लिखा कि कड़ाके की ठंड के कारण धान की कटाई लेट से हुई है और धान में नमी होने के कारण पैक्स धान लेने में परहेज कर रहा है। धान खरीद नहीं होने से किसानों में क्षोभ है। किसानों का धान खलिहान एवं अन्य जगह एकत्रित है। धान नहीं खरीद होने से किसानों को आर्थिक एवं कई तरह की समस्या उत्पन्न होगी।