खेल

बीएस चन्द्रशेखरको हल्का स्ट्रोक


बेंगलुरू (एजेन्सियां)। भारत के पूर्व क्रिकेटर बीएस चंद्रशेखर को हल्का स्ट्रोक आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया हालांकि उनके परिवार ने सोमवार को बताया कि उनकी स्थिति में सुधार आया है और अगले कुछ दिन में उन्हें छुट्टी मिल जायेगी। उनकी पत्नी संध्या चंद्रशेखर भागवत ने कहा उनकी हालत में सुधार आया है।वह बुधवार या गुरूवार को घर लौट आयेंगे। भारत के ७५ वर्षीय इस पूर्व स्पिनर को थकान और उसके कारण जबान लडख़ड़ाने के कारण शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डाक्टरों की सलाह पर उनका न्यूरोलाजी में उपचार कराया गया। उन्हें एस्टर आर वी अस्पताल में आपात चिकित्सा ईकाई में रखा गया था। उनकी पत्नी ने बताया कि अब वह सामान्य वार्ड में हैं और उनकी फिजियोथेरेपी चल रही है। संध्या ने कहा उनके दिमाग में किसी तरह का अवरोध है। यह बहुत ही हलका स्ट्रोक था। वह एक या दो सप्ताह में पूरी तरह से ठीक हो जायेंगे। चंद्रशेखर ने अपने १६ साल के कैरियर में ५८ टेस्ट में २४२ विकेट लिये । बिशन सिंह बेदी, ईरापल्ली प्रसन्ना और एस वेंकटराघवन के साथ भारत की मशहूर स्पिन चौकड़ी का हिस्सा रहे चंद्रशेखर साठ और सत्तर के दशक में खेले थे। उन्हें १९७२ में पद्मश्री और अर्जुन पुरस्कार मिला था।