वाराणसी

बूथ कार्यकर्ता के घर चाय पियेंगे जेपी नड्डा


भाजपा के राष्टï्रीय अध्यक्ष २८ को आयेंगे

नये क्षेत्रीय कार्यालय का करेंगे उद्घाटन

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 28 फरवरी को वाराणसी आयेंगे। यहां वह पार्टी के नये क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। काशी प्रवास के दौरान वह पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और बूथ अध्यक्ष के घर चाय पियेंगे। उनके आगमन को लेकर पार्टी स्तर पर तैयारियों का दौर शुरू कर दिया गया है।

इस बीच बुधवार को रोहनिया स्थित भाजपा काशी क्षेत्र के नवनिर्मित कार्यालय पर भाजपा काशी क्षेत्र के पदाधिकारियो के साथ वाराणसी जिला और महानगर के अध्यक्ष, महामंत्रियों की बैठक हुई। इसमें भाजपा के प्रदेश सहसंघटन महामंत्री भवानी सिंह ने बताया कि 28 फरवरी को दो दिवसीय काशी प्रवास के प्रस्तावित कार्यक्र्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा विभिन्न कार्यक्रमो में भाग लेंगे। इसमें काशी क्षेत्र के सभी 16 जिलों के पदाधिकारियो की बैठक, जनप्रतिनिधियों की बैठक तथा विभिन्न सामाजिक वर्गों के प्रमुखों की बैठक के साथ ही काशी क्षेत्र के नवनिर्मित कार्यालय का उद्धघाटन प्रमुख रूप से शामिल है। बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका प्रथम काशी आगमन हो रहा है इसलिए उनका स्वागत भी काशी की गरिमा के अनुरूप अभूतपूर्व होगा। काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित कार्यक्रम की विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि नवनिर्मित काशी क्षेत्र के कार्यालय के उद्धघाटन के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा काशी क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के सभी कार्यक्रम की सफलता हेतु पार्टी के कार्यकर्ताओं की अलग-अलग टीम गठित कर उनकी बैठकें आयोजित करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया। क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दो दिवसीय प्रवास के दौरान वाराणसी महानगर के एक मण्डल की कार्यसमिति की बैठक में भाग लेंगे और जिले के एक बूथ अध्यक्ष के घर चाय पीने जाएंगे। बैठक में दिलीप पटेल, रमेश जायसवाल, सुशील त्रिपाठी, प्रदीप अग्रहरी, राजेश राजभर, अशोक तिवारी, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, शिवप्रकाश शुक्ला, मोहितोष नारायण सिंह, पीयूष वर्धन सिंह, नवीन कपूर, राकेश शर्मा, जगदीश त्रिपाठी, सुरेश सिंह, सुरेंद्र पटेल, अरविंद पटेल, कल्लू मिश्रा, आत्मा विशेश्वर आदि पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे। संचालन महामंत्री अशोक चौरसिया ने किया।