पटना

बेगूसराय: सरकार के विरोध में आन्दोलन करने निकले कांग्रेसी आपस में भिड़े


बेगूसराय (आससे)। किसान गौरव यात्रा के बहाने पार्टी की सांगठनिक हालचाल लेने पहुंचे कांग्रेस पार्टी के बिहार प्रभारी भक्त चरण दास एवं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा एवं बिहार प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष अमिता भूषण को एक गुट का विरोध का सामना करना पड़ा। सूचनानुसार यह वाकया जीरोमाईल चौक स्थित राज्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के दौरान शुरू हुआ। प्रत्यक्ष दर्शियो के अनुसार कांग्रेसियों ने एक दुसरे पर लात धूसा जमकर चलाया।

सुरक्षा कर्मियों के हस्तक्षेप के बाद हो हल्ला पर काबू पाया गया। विरोध कर रहे पार्टी जनों ने भक्त चरण दास एवं प्रदेश अध्यक्ष पर विधान सभा चुनाव में टिकट बेचने, उन्हें लौट जाने को ले नारेबाजी की। विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस को बर्बाद कर दिया है। टिकट की बिक्री की गई। जीतने वाली सीट महागठबंधन के दलों से पैसे लेकर बेच दी गई। लेकिन नेतृत्व कुछ सुन नहीं रहा है। विरोध के दौरान महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमिता भूषण गिरते-गिरते बचीं।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि ऐसे नेताओं को पार्टी से निकाल देना चाहिए क्योंकि कांग्रेस पार्टी को पूर्ण रूप से बर्बाद कर दिया जिसके कारण आज कांग्रेस पार्टी बहुत निचले पायदान पर पहुंच चुकी है। अफ़रातफ़री के बीच प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष ट्रैक्टर रैली लेकर जिला मुख्यालय के हर-हर महादेव चौक पहुंचे। हर-हर महादेव चौक से पदयात्रा शुरू कर विभिन्न मार्गों से होते हुए कांग्रेस भवन पहुंचे और वहां प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न मुद्दों पर बात की। डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश जारी है।