पटना

बेनीपट्टी: मछली मारने के विवाद में अपराधियों ने खेली खूनी होली, तीन की मौत


बेनीपट्टी (मधुबनी)। बेनीपट्टी के महमदपुर में पूर्व के मछली मारने के विवाद में अपराधियों ने खूनी होली खेली है। जिसमें तीन लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं तीन जख्मियों का इलाज दरभंगा-पटना में चल रहा है। मृतकों में बीएसएफ जवान राणा प्रताप सिंह, वीरेंद्र सिंह उर्फ बीरू व रणविजय सिंह शामिल है। अमरेंद्र सिंह, मनोज सिंह व रुद्र नारायण सिंह का इलाज चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार महमदपुर गांव के सीमा पर अपराधियों का गुट पिस्टल व धारदार हथियार के साथ मौजूद था। जहां मृतक पक्ष के लोग भी थे। हालांकि, जख्मियों का कहना है की होली के दिन अपराधियों ने बिना किसी बात के गोलीबारी शुरू की। अपराधियों ने करीब 25-30 राउंड गोली चलाई है। गांव में गोलीबारी शुरू होते ही अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि गोलीबारी कर अपराधी मौके से फरार हो गए।

उधर, जानकारी मिलते ही बेनीपट्टी पुलिस मौके पर पहुँच कर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से स्थिति नाजुक देख चिकित्सक ने सभी को मधुबनी व दरभंगा रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके पर से आठ खोखा, दो बाइक व चार टूटा हुआ दांत बरामद किया। वहीं आरोपी प्रवीण झा के घर से खुन लगे दो लोहा का रॉड व दो बाईक त्योंथ से जब्त की है।

घटना की देर संध्या मधुबनी एसपी डॉ सत्यप्रकाश मौके पर पहुँच कर परिजन व ग्रामीण से घटना की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि पूर्व में मछली मारने के विवाद को लेकर घटना हुई है। एसपी ने आठ राउंड गोलीबारी की पुष्टि की। एसपी ने कहा कि जल्द ही सभी अपराधियों की गिरफ्तारी होगी।