पटना

भभुआ: सड़क हादसे में तीन महिलाओं समेत चार की मौत, दर्जनभर जख्मी


भभुआ (कैमूर)। जिले के चांद थाना अन्तर्गत टकटकिया मजारशरीफ के समीप चैनपुर-घरौली रोड पर बाइक सवारों ने रविवार की अहले सुबह ५ बजे (बारह) ग्रामीण महिलाओं को सड़क पर उस समय बेरहमी के साथ कूचल डाला। जब वे समूह में खेतों में मसूरी की कटनी करने के लिए जा रही थीं। स्थानीय ग्रामीण घटना की सूचना पाकर घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े।

सड़क पर घायल महिलाओं की चीख-पुकार मची थी, तत्काल घटना की सूचना चांद थाना पुलिस को दी गयी, स्थानीय पुलिस ने सभी १२ महिलाओं को चांद पीएचसी में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां से स्थानीय चिकित्सक में उपचार के बाद तीन गंभीर रूप से घायल महिलाओं को भभुआ सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। वहीं सदर अस्पताल भभुआ से रेफर कर बनारस भेजा जा रहा था कि बीच रास्ते में तीन महिलाओं की मृत्यु हो गयी।

मृतक महिलाओं में कोनी देवी (३० वर्ष), माया देवी (४८ वर्ष), भागीरथी देवी (५५ वर्ष), बताया गया। थाना प्रभारी चांद ने बताया कि सभी मृतक महिला चैनपुर थाना के तिवई (सतौना) ग्राम की थीं जो मसूरी काटने के लिए जा रही थीं कि बाइक सवारों द्वारा तेज रफ्तार में १२ महिलाओं को सडक़ पर रौंद डाला। उन्होंने बताया कि बाइक चालकों को हिरासत में ले लिया गया है।

घटना के संबंध में चांद थाने में प्राथमिकी दर्ज कर दोषी बाइक चालकों के विरुद्ध विधि सम्मत काररवाई की जा रही है। चांद पीएचसी से प्राप्त सूचना के अनुसार आंशिक रूप से घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद महिलाओं के परिजनों द्वारा उन्हें अपने-अपने घर ले जाया गया, पीएचसी में कोई घायल महिला मौजूद नहीं देखी गयी। स्थानीय प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी मृतक महिला के परिजनों को अंत्येष्टी योजना व दुर्घटना बीमा योजना का लाभ पीडि़त परिवार वालों को देने की बात कही है।

वहीं चांद थाना के ढेढुआ-बड़ाढ़ी रोड में एक बाइक सवार को एक पिकअप बैन ने जोरदार धक्का मारा जो पास के सड़क ४ में जा गिरा जिसकी घटनास्थल पर मौत हो गयी, मृतक जिगना ग्राम का निवासी बताया गया, पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया।