Latest News अन्तर्राष्ट्रीय नयी दिल्ली राष्ट्रीय

भारत-अमेरिका को जोड़ने वाली डोर बेहद गहरी और मजबूत : संधू


  1. वाशिंगटनः भारत के एक शीर्ष राजदूत ने यहां कहा कि भारत और अमेरिका को जोड़ने वाली डोर बहुत गहरी और मजबूत है और दोनों देश अपने नागरिकों की जिंदगियां बेहतर एवं उज्ज्वल करने की लगातार कोशिश कर रहे हैं। अमेरिका में भारत के राजदूत तरनजीत संधू ने यहां हार्वर्ड विश्वविद्यालय में ‘किंग गांधी लेक्चर’ के अपने व्याख्यान में विद्यार्थियों से यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के संबंध लोकतंत्र, आजादी, अहिंसा और कानून के शासन जैसे मूल्यों पर बने हैं। संधू ने कहा, ‘जो सूत्र भारत और अमेरिका को जोड़ते हैं, वे बहुत गहरे और मजबूत हैं।

लोकतंत्र, आजादी, अहिंसा और कानून के शासन जैसे मूल्य जिसे हम संजोते-सहेजते हैं, वही मजबूत नींव है जिस पर भारत और अमेरिका के संबंधों की इमारत टिकी है।” उन्होंने कहा कि भारत को जब आजादी नहीं मिली थी तब आजादी की अलख जगाने वाले अनेक नेता जिनमें लाला लाजपत राय, सरोजनी नायडू, रवीन्द्र नाथ टैगोर, बी आर आंबेडबर शामिल हैं, वे हार्वर्ड सहित अमेरिका में कई विश्वविद्यालयों में आए थे। भारतीय राजदूत ने कहा,” हमने एक दूसरे से विचार साझा किए और उन्हें आकार दिया। आप और मैं अपने-अपने संविधानों के प्रति निष्ठा रखते हैं, और दोनों संविधान ‘हम लोग….’ से शुरू होते हैं।’