Latest News अन्तर्राष्ट्रीय नयी दिल्ली राष्ट्रीय

भारत की उम्मीदों को झटका, मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण पर डोमिनिका कोर्ट ने लगाई रोक


  1. डोमिनिका में पकड़े गए पीएनबी घोटाले के आरोपी भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण की भारत की कोशिशों को फिलहाल झटका लगा है। डोमिनिका की एक अदालत ने चोकसी के प्रत्यर्पण पर रोक लगा दी है। चोकसी को क्यूबा भागने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया गया था। एंटीगुआ के प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउन ने चोकसी को वापस लेने से मना कर दिया था और डोमिनिका से उसे सीधे भारत भेजने का अनुरोध किया था लेकिन चोकसी के वकीलों ने इसका विरोध किया।

वकीलों ने कोर्ट में कहा कि चोकसी को भारत नहीं भेजा जा सकता क्योंकि वह अब भारत का नागरिक नहीं है। चोकसी के वकीलों ने वहां बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की है। उनका कहना है कि चोकसी को कानूनी अधिकारों से वंचित कर दिया गया था और उसे शुरू में अपने वकीलों से मिलने की अनुमति नहीं दी गई थी। वहीं, डोमिनिका लिंकन कॉर्बेट के कार्यवाहक पुलिस प्रमुख ने कहा कि चोकसी को भारत नहीं बल्कि एंटीगा वापस भेजा जाएगा। चोकसी डोमिनिका पुलिस की कस्टडी में है और उससे पूछताछ की जा रही है।

मारपीट का आरोप
इस बीच एएनआई के मुताबिक डोमिनिका में चोकसी के वकील वेन मार्श ने कहा, ‘मैंने नोटिस किया कि मेहुल चोकसी को बुरी तरह पीटा गया था, उसकी आंखें सूजी हुई थीं और उसके शरीर पर कई जगह जले हुए निशान थे। उसने मुझे बताया कि एंटीगा के जॉली हार्बर में उसका अपहरण कर लिया गया था और उन लोगों द्वारा फिर डोमिनिका लाया गया था। चोकसी ने बताया कि वे लोग भारत के थे।’