Latest News खेल

भारत के मिस्टर 360 डिग्री Suryakumar Yadav आईसीसी टी20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर 2022 के लिए नामांकित


नई दिल्ली, । भारत के करिश्माई बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को गुरुवार को आईसीसी मेन्स टी20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर 2022 पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया। सूर्या के अलावा इंग्लैंड के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सैम करन, जिम्बाब्वे के ऑफ स्पिन आलराउंडर सिकंदर रजा और पाकिस्तान के विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को भी इस सम्मान के लिए नामित किया गया है।

सूर्यकुमार ने साल 2022 में टी20 क्रिकेट में सनसनी फैला दी थी। वह अपने 360-डिग्री स्ट्रोकप्ले के साथ टी20 में एक वर्ष में 1000 से अधिक रन बनाने वाले दूनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए। उन्होंने 46.56 की औसत से 187.43 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट से 1164 रन बनाकर सबसे अधिक रन बनाए। 2022 में उन्होंने सबसे ज्यादा 68 छक्के लगाए। साल भर में 2 शतक, 9 अर्धशतकों के साथ, सूर्यकुमार निस्संदेह दुनिया के नंबर वन टी20 बल्लेबाज हैं।

टी20 क्रिकेट में बजाया अपने नाम का डंका

सूर्यकुमार ने ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप में 59.75 के शानदार औसत और 189.68 की स्ट्राइक रेट से 239 रन बनाए थे, जिसमें दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नीदरलैंड के खिलाफ अर्धशतक शामिल थे। माउंट माउंगानुई में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में उन्होंने 217.65 की स्ट्राइक रेट से 11 चौके और सात छक्के लगाए और 51 गेंदों पर 111 रन बनाकर नाबाद रहे। यह उनका दूसरा टी20 शतक था। नॉटिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ सूर्या ने अपने टी20 करियर का पहला शतक लगाया था। 55 गेंदों पर 117 रन बनाए थे।

jagran

सिकंदर रजा ने किया ऑलराउंडर प्रदर्शन

वहीं, जिम्बाब्वे के रजा का बल्ले के साथ एक शानदार साल था और टी20 में गेंद के साथ भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन ने जिम्बाब्वे के हरफनमौला खिलाड़ी के लिए एक यादगार विश्व कप बना दिया।

सिकंदर रजा 150 से अधिक की स्ट्राइक रेट से वर्ष में 735 रन बनाए और 6.13 की इकॉनमी रेट से 25 विकेट लिए। टी20 विश्व कप में पाकिस्तान पर जिम्बाब्वे की आश्चर्यजनक जीत में रजा ने असाधारण प्रदर्शन किया। अंतिम गेंद पर रन आउट करने से पहले रजा ने 25 रन देते हुए 3 लेते हुए जिम्बाब्वे को एक रन से रोमांचक जीत दिलाई।

jagran

सैम करन 2022 टी20 वर्ल्ड कप में प्लेयर आफ द टूर्नामेंट रहे थे। इस टूर्नामेंट में टी20 में उनकी गेंदबाजी में काफी सुधार देखा गया। उनकी डेथ बॉलिंग काफी असरदार थी। इंग्लैंड के प्रमुख तेज गेंदबाजों के अनुपस्थित होने के साथ करन ने 13 विकेट लेकर विश्व कप में शानदार गेंदबाजी की। वह श्रीलंका के वानिन्दु हसरंगा के बाद दूसरे स्थान पर रहे।

पाकिस्तान के बल्लेबाज रिजवान का भी नाम शामिल

रिजवान ने 2021 में टी20 में अपने रिकॉर्ड ब्रेकिंग साल को जारी रखते हुए साल 2022 में 996 रन बनाए। उन्होंने साल 2022 में टी20 में 10 अर्धशतक लगाए और टी20 विश्व कप में 175 रन बनाए, जो पाकिस्तान के बल्लेबाज द्वारा संयुक्त रूप से सबसे अधिक है। 2022 में टी20 में 45.27 की औसत से, रिजवान ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी लाइन-अप के प्रमुख बल्लेबाजों में अपनी जगह बनाई। 2022 में भी रिजवान ने थोड़ी देर के लिए बल्लेबाजों की टी20 रैंकिंग में शीर्ष स्थान का हासिल किया था। रिजवान भारत के सूर्यकुमार से पीछे 836 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।