News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त को नेपाल ने अंतर्राष्ट्रीय पर्यवेक्षक के रूप में किया आमंत्रित, 20 को हैं चुनाव


नई दिल्ली, । नेपाल में 20 नवंबर को चुनाव हैं। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार को नेपाल ने अंतर्राष्ट्रीय पर्यवेक्षक के रूप में आमंत्रित किया है। यह आमंत्रण नेपाल के चुनाव आयोग ने दिया है। इस महीने की 20 तारीख को नेपाल में आम चुनाव होने हैं।

चुनाव से पहले भारत-नेपाल सीमा सील

नेपाल में आम चुनाव से पहले भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा अगले 72 घंटों के लिए सील कर दी जाएगी। भारत और नेपाल के अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया। बिहार और उत्तर प्रदेश की नेपाल के साथ लंबी सीमाएं हैं। दोनों देशों के लोगों को सीमा पार करने के लिए वीजा या पासपोर्ट की आवश्यकता नहीं है।

भारत के गृह मंत्रालय को दी जानकारी

चुनाव आयोग के उप सचिव सह प्रवक्ता कमल भट्टराई ने भारत के गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी। इस फैसले के बाद 17 नवंबर की आधी रात से इन दोनों देशों के बीच लोगों को आने-जाने की इजाजत नहीं होगी। मतदान 20 नवंबर को है।

आपातकालीन सेवाओं की दी गई है छूट

यदि कोई नेपाल में एयरलाइनों के माध्यम से यात्रा करता है, तो उसे पासपोर्ट और टिकट दिखाना होगा। अधिकारी ने कहा कि एंबुलेंस, पानी के टैंकर, दूध के टैंकर, दमकल आदि सहित आपातकालीन सेवाओं को छूट दी गई है।