Latest News नयी दिल्ली

 भारत-चीन के सैनिकों की बॉर्डर से वापसी, अब तैयारी 3 M फॉर्मूले की


नई दिल्ली। पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन के बीच सीमा भूमि विवाद मुद्दे को सुलझाया जा रहा है। महीनों बाद अब दोनों देशों की सेनाएं पैंगोंग झील इलाके से पीछे हटने लगी हैं। ऐसे में इस बीच विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने चीन के विदेश मंत्री वांग यी से फोन पर बातचीत की है। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच लगभग 75 मिनट तक की चर्चा चली। इस मुद्दे पर मौजूदा स्थिति का आकलन किया गया है। साथ ही दोनों देशों ने आगे के रास्ते को आसान बनाने के लिए 3 एम फॉर्मूले पर काम करने की बात की है।

विवादित मुद्दों को सुलझाना

सीमा भूमि विवाद मुद्दे पर हुई इस बातचीत में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि पैंगोंग लेक से सैनिकों के पीछे हटने के साथ ही, दोनों देशों को पूर्वी लद्दाख के अन्य विवादित मुद्दों को भी सुलझाना चाहिए। साथ ही चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने भी लद्दाख सीमा से पीछे हट रहे सैनिकों पर संतुष्टि जताई। इस पर उन्होंने कहा कि दोनों ही देशों को एक साथ आकर मुद्दे को सुलझाना होगा।

फॉर्मूले को भारत द्वारा सुझाया

दोनों देशों के बीच उलझे इस मुद्दे को लेकर इस फॉर्मूले को भारत द्वारा सुझाया गया था, जिसे चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने भी स्वीकारा और इसे लागू करने की बात कही। वहीं दोनों ही देशों की ओर से उम्मीद जताई गई है कि वो लगातार संपर्क में बने रहेंगे, हॉटलाइन के जरिए चर्चा करेंगे।