News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

भारत जोड़ो यात्रा: राहुल गांधी के हाथ में बच्चे ने थमाया अपना गुल्लक, बोला- यात्रा के लिए काम आएंगे


नई दिल्ली। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों मध्य प्रदेश में है। राहुल गांधी के नेतृत्व में जारी इस यात्रा में बुजुर्गों से लेकर बच्चे तक सब जुड़ रहे हैं। यात्रा से जुड़ा ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक बच्चे ने अपनी गुल्लक के पैसे राहुल गांधी को सौंप दिए हैं। 

अपना पिगी बैंक राहुल को थमाते हुए बच्चे ने उनसे कहा कि ये पैसे उसने अपनी पाकेट मनी बचाकर भारत जोड़ो यात्रा के लिए इकट्ठा किए हैं। जरूरत पड़ने पर ये पैसे यात्रा के काम आ सकते हैं। राहुल गांधी ने बच्चे का तोहफा स्वीकार करते हुए पिगी बैंक को संभालकर अपने पास रख लिया।

राहुल गांधी को गुल्लक देने वाला बच्चा भोपाल का यशव परमार है। यशव की उम्र 10 साल है। उसका कहना है कि राहुल गांधी को पैसे की कमी नहीं होनी चाहिए। पैसे की कमी से यात्रा नहीं रुकनी चाहिए, ये यात्रा चलती रहनी चाहिए।

यात्रा शुरू होते ही करने लगा था कलेक्शन

राहुल गांधी ने उन्हें तोहफे में अपनी गुल्लक देने वाले बच्चे का वीडियो भी शेयर किया है। इसमें बच्चे ने बताया है कि उसने भारत जोड़ो यात्रा के लिए पैसे क्यों एकत्रित किए हैं। वीडियो में बच्चा कहता है, राहुल सर के बारे में मुझे ये पसंद है कि वो सभी को साथ लेकर चलते हैं। आज मैंने मेरा पिगी बैंक दिया। जब यात्रा शुरू हुई मैं तब से ही इसमें कलेक्शन कर रहा था।

बच्चे ने यात्रा के बारे में बताए अपने विचार

बच्चे ने आगे कहा, इस यात्रा के बारे में जितना मैं समझता हूं मेरे हिसाब से मुसलमान और हिंदू के बीच लड़ाई-झगड़ा होता है, इस हालात को बदलकर एक-दूसरे को जोड़ने के लिए ये यात्रा निकाली गई है। भारत जोड़ो का सीधा मतलब है हिंदू-मुसलमान में कोई अंतर नहीं है। सब एक समान हैं।

राहुल गांधी ने शेयर किया VIDEO

बच्चे से गुल्लकर लेने के बाद राहुल गांधी ने उसे गले से लगाया, धन्यवाद कहा और गुल्लक मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को थमाते हुए कहा कि ये यात्रा के लिए है। इसे संभाल कर रख लीजिए। बच्चे का वीडियो शेयर करते हुए राहुल ने लिखा, त्याग और स्वार्थहीनता बचपन में मिले संस्कारों से आते हैं। ये गुल्लक मेरे लिए अनमोल है, बेशुमार प्यार का खजाना है।

राजस्थान में 5 दिसंबर को एंट्री

यात्रा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के अलावा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल थे। बता दें कि यहां से भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में प्रवेश करने वाली है। तय शेड्यूल के मुताबिक 5 दिसंबर को कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश से राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी। यात्रा की तैयारियों को देखते हुए 29 नवंबर को जयपुर में एक बैठक भी रखी गई है। इसमें केसी वेणुगोपाल, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट भी मौजूद रहेंगे।