News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय स्वास्थ्य

भारत में कोरोना से हुई मौतों ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, एक दिन में 6148 लोगों की मौत


  • नई दिल्ली  देश में कोरोना संक्रमण के कारण पिछले 24 घंटों के दौरान छह हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है, जो अब तक एक दिन में हुई मौतों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इस बीच बुधवार को देश में 33 लाख 79 हजार 261 लोगों का टीकाकरण किया गया, जिसके साथ ही 24 करोड़ 27 लाख 26 हजार 693 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार कोरोना महामारी से पिछले 24 घंटों के दौरान 6,148 लोगों की मौत हुई है जो 18 मई को हुई 4529 मौतों के बाद सबसे बड़ा आंकड़ा है। देश में इस बीमारी से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर तीन लाख 59 हजार 676 हो गयी है और मृत्यु दर अभी 1.23 फीसदी है। इस दौरान बिहार में सर्वाधिक 3971 लोगों की मौत हुई है। इसी अवधि में 94,052 नये मामले आने के साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर दो करोड़ 91 लाख 83 हजार 121 हो गया। इस दौरान एक लाख 51 हजार 367 मरीज स्वस्थ हुए हैं जिसे मिलाकर देश में अब तक दो करोड़ 76 लाख 55 हजार 493 लोग इस महामारी को मात दे चुके हैं।

देश में सक्रिय मामले 63 हजार 463 कम होकर 11 लाख 67 हजार 952 रह गये हैं। सक्रिय मामलों की दर घटकर चार प्रतिशत रह गयी है जबकि रिकवरी दर बढ़कर अब 94.77 फीसदी हो गयी है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में सक्रिय मामले 6051 घटकर 1,64,743 रह गये हैं। इसी दौरान राज्य में 16379 और मरीजों के ठीक होने के बाद कोरोनामुक्त होने वालों की तादाद बढ़कर 55,97,304 हो गयी है जबकि 661 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 101833 हो गया है। केरल में इस दौरान सक्रिय मामले 4189 कम हुए हैं और इनकी संख्या अब 1,39,481 रह गयी है तथा 20237 मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोना को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 2524248 हो गयी है जबकि 156 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 10437 हो गयी है।