TOP STORIES

भूपेंद्र सिंह के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद भाजपा की पहली जीत, धर्मपाल सिंह भी परीक्षा में हुए पास


विधायक अरविंद गिरि के निधन के बाद से खाली हुई लखीमपुर खीरी जिले की गोला गोकर्णनाथ विधानसभा सीट पर भाजपा ने एक बार फिर से कमल खिलाया है। पहले भी यह सीट भाजपा के कब्जे में ही थी। भूपेंद्र सिंह चौधरी के सरकार से संगठन में आने के बाद भाजपा के लिए ये पहली पहली जीत है। संगठन में महामंत्री का जिम्मा संभाल रहे धर्मपाल सिंह के लिए भी एक तरह की यह सीट परीक्षा थी, जिसमें धर्मपाल सिंह पूरी तरह से पास हो गए। गोला सीट पर भाजपा विधायक अरविंद गिरि के निधन होने के बाद यहां से उनके बेटे अमन गिरि को भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया था। वहीं सपा ने विनय तिवारी पर दांव लगाया था। पिछले चुनाव में भी विनय तिवारी को भाजपा से शिकस्त मिली थी। इस चुनाव भाजपा और सपा की सीधी टक्कर देखने को मिली। सुबह से शुरू हुए पहले राउंड से ही भाजपा ने बढ़त बना ली थी। 30 राउंड आते-आते भाजपा प्रत्याशी की जीत पक्की हो गई थी। भाजपा ने गोलागोकर्णनाथ में एक बार फिर से कमल खिला दिया। गोला गोकर्णनाथ उपचुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले ही भाजपा के कई कद्दावर नेताओं का आना शुरू हो गया था। डिप्टी सीएम से लेकर संगठन के तमाम नेताओं ने यहां पहुंचकर लोगों से संपर्क साधा और सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य करीब छह बार इस क्षेत्र का दौरा कर चुके हैं। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और धर्मपाल सिंह समेत संगठन के कई बड़े नेता कई दिनों से यहीं पर डेरा जमाए थे।  गोला विधानसभा उपचुनाव में हुए सीधे मुकाबले के बीच भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अमन गिरी ने समाजवादी पार्टी को चुनाव हरा दिया। भाजपा के अमन गिरी ने 34298 वोट से उपचुनाव जीत लिया। गोला उपचुनाव के लिए 3 नवंबर को हुए मतदान के बाद सभी की निगाहें नतीजों पर लगी हुई थी। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी का सीधा मुकाबला था। कांग्रेस और बसपा मैदान से बाहर हैं। इस वजह से मुकाबला न सिर्फ कड़ा हो चला था बल्कि इसमें दोनों दोनों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लग गई थी। भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव में 40 स्टार प्रचारक उतारे तो समाजवादी पार्टी ने बेहद शांत तरीके से जनसंपर्क अभियान चलाया। रविवार को 32 वें राउंड तक मतगणना में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अमन गिरी को 1,24,810 और समाजवादी पार्टी के विनय तिवारी को 90,512 वोट मिले। भाजपा ने या चुनाव 34298 वोट से जीत लिया है। इस चुनाव में भाजपा और सपा के अलावा पांच अन्य उम्मीदवार भी थे।