पटना

मछुआरा समाज के हितों का ख्याल रखेगी सरकार : उपमुख्यमंत्री


(आज समाचार सेवा)

पटना। मंगलवार को कई मत्स्यजीवी सहयोग समिति के सदस्यों ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद संजय जायसवाल एवं सांसद अजय निषाद के नेतृत्व में बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री तारकिशोर प्रसाद से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उप मुख्यमंत्री रेणु देवी एवं कई मत्स्य जीवी सहयोग समिति के पचास से भी अधिक सदस्य और पदाधिकारी मौजूद रहे।

मुलाकात के क्रम में मत्स्यजीवी सहयोग समिति के पदाधिकारियों ने सदस्यता हेतु ऑनलाइन आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा का आग्रह किया, ताकि मछुआ समाज के हितों की रक्षा हो सके। समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कहा कि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार ने मछुआरा समाज के लोगों के हितों के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, लेकिन पूर्व मंत्री द्वारा मछुआ समाज के लिए कई अहितकर निर्णय लिये गये।

उपमुख्यमंत्री श्री तारकिशोर प्रसाद ने ध्यान से मत्स्य जीवी सहयोग समिति के सदस्यों की बातों को सुना एवं उनकी भावनाओं से अवगत हुए। उपमुख्यमंत्री श्री तारकिशोर प्रसाद, जो पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के मंत्री भी हैं, ने तत्काल मत्स्य जीवी सहयोग समिति की ऑनलाइन सदस्यता पर रोक लगाने हेतु विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए एवं इसकी जानकारी सहकारिता विभाग को देने का आदेश दिया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के मंत्री एवं विभागीय अधिकारी के साथ इस मुद्दे पर गहन समीक्षा कर अग्रेतर निर्णय लिया जाएगा तथा मछुआ समाज के हित में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।